
x
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में शनिवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। संतनगर थाना क्षेत्र के कारौंदा गांव के पास लालगंज-कलवारी संपर्क मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, बाइक पर शत्रुघ्न (28), दिनेश (30) और सूरज (39) सवार थे। तीनों किसी काम से जा रहे थे। कारौंदा गांव के पास पहुंचने के दौरान उनकी बाइक की अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची संतनगर थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शत्रुघ्न और दिनेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सूरज का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि शत्रुघ्न और सूरज मलुआ क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि दिनेश बघौड़ा का निवासी था। हादसे की खबर मिलने के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ लालगंज अमर बहादुर के मुताबिक, अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत हुई है और एक व्यक्ति घायल है। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हादसे की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।
Next Story





