भारत

NH-18 पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक और कार की भिड़ंत में मां-बेटी समेत तीन की मौत

Shantanu Roy
26 Sept 2025 6:38 PM IST
NH-18 पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक और कार की भिड़ंत में मां-बेटी समेत तीन की मौत
x
परिजन सदमें में
Bahragoda. बहरागोड़ा। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-18 (NH-18) पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक कार ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह घुस गई, जिसके चलते मां-बेटी सहित तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
हादसे में तीन की मौत
मृतकों की पहचान 50 वर्षीय कार चालक गणेश राय, निवासी चक्रबाड़िया रोड (कोलकाता), 55 वर्षीय कुसुमिता पटनायक, निवासी कदमा प्रथिक बिहार (जमशेदपुर) और उनकी 28 वर्षीय बेटी मोनिका पटनायक, निवासी जमशेदपुर के रूप में हुई है। तीनों कोलकाता से किसी निजी कार्य से लौटकर जमशेदपुर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारुति स्विफ्ट कार (नंबर WB51C7151) जैसे ही बहरागोड़ा के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में घुस गई और बुरी तरह दब गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे, लेकिन कार के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। कार में सवार लोगों को निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों ने घंटों मशक्कत की। एनएचएआई की एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। बड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को कार से बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। शवों को बाद में पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल भेजा गया।
परिजनों को सूचना और शोक की लहर
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। इस दर्दनाक खबर के बाद कोलकाता और जमशेदपुर दोनों जगहों पर शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन सदमे में हैं और स्थानीय लोग घटना पर गहरा दुख जता रहे हैं। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मारुति स्विफ्ट कार और ट्रक को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में ट्रक की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
हादसों का गढ़ बन रहा NH-18
स्थानीय लोगों का कहना है कि बहरागोड़ा से गुजरने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग-18 लगातार हादसों का गवाह बन रहा है। तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही, ओवरलोड ट्रक, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और सड़क सुरक्षा उपायों की कमी के चलते यहां बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन और एनएचएआई की लापरवाही के चलते इस मार्ग पर हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि हाईवे पर रफ्तार पर नियंत्रण, पुलिस गश्त और सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की जरूरत है। सड़क पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी जरूरी है, ताकि हादसों पर काबू पाया जा सके।
Next Story