भारत

बस-कार में भीषण टक्कर, महिला की मौके पर मौत

Shantanu Roy
23 March 2024 8:16 PM IST
बस-कार में भीषण टक्कर, महिला की मौके पर मौत
x
जांच में जुटी पुलिस
जींद। हरियाणा के जींद में शनिवार शाम को दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे पर नरवाना से गांव डूमरखां के बीच रोडवेज बस और कार के बीच टक्कर हो गई। इसमें महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मृतक महिला के शव को नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। मृतक महिला की पहचान हिसार के खरक पुनिया निवासी जगबीर की पत्नी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रोडवेज की एक बस नरवाना से गांव छात्तर की तरफ जा रही थी। गांव डूमरखां के निकट नेशनल हाईवे पर बस तथा कार के बीच टक्कर हो गई। जिसमें कार चालक गांव खरकपूनिया निवासी जगबीर की पत्नी की मौत हो गई।

जगबीर घायल हो गया। बस में सवार गांव मखंड निवासी कृष्णा देवी व दर्शना देवी को भी चोटें आई। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को उपचार के लिए उचाना तथा नरवाना के नागरिक अस्पतालों में पहुंचाया। चिकित्सकों ने जगबीर की हालत गंभीर देख पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड गए जबकि रोडवेज बस भी सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी।
Next Story