
x
पेशावर। पाकिस्तान के पेशावर में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। दिर कॉलोनी इलाके में स्थित एक निजी स्कूल की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में शुरुआती रिपोर्टों में 20 छात्रों और एक महिला शिक्षिका समेत 21 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर कम से कम 35 हो गई, जिनमें 34 बच्चे और एक शिक्षिका शामिल हैं। 50 से अधिक लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
पढ़ाई के दौरान अचानक गिर गई छत
जानकारी के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब स्कूल में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। अचानक दो कक्षाओं की छत ढह गई और कई बच्चे मलबे में दब गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में मदद करने लगे।
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबे में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पेशावर के लेडी रीडिंग अस्पताल में आपातकाल घोषित किया गया। घायलों में कई बच्चों की हालत गंभीर बताई गई।
स्कूल की इमारत की सुरक्षा पर सवाल
प्रारंभिक जानकारी में इमारत की कमजोर संरचना और निर्माण संबंधी खामियों की आशंका सामने आई है। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्कूल संचालक को भी गिरफ्तार किया गया है।
हादसे के बाद इलाके में मातम
हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों में शोक का माहौल है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और अन्य अधिकारियों ने घटना पर दुख जताया है।
इस हादसे के बाद निजी स्कूलों की इमारतों की सुरक्षा और नियमित निरीक्षण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने घटना की जांच और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू की है।
Next Story





