
x
नवविवाहित जोड़े के रिश्ते पर संकट
Meerut मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक अनोखा वैवाहिक विवाद सामने आया है, जहां हनीमून के दौरान परिवार के साथ जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच मतभेद इतना बढ़ गया कि मामला परिवार परामर्श केंद्र और तलाक की स्थिति तक पहुंच गया। जानकारी के अनुसार, बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज की रहने वाली युवती और दिल्ली के पटेल नगर निवासी युवक की शादी एक वैवाहिक वेबसाइट के माध्यम से तय हुई थी। शादी के बाद पति अपनी पत्नी को हनीमून पर ले गया, लेकिन उसके साथ सास, ससुर, ननद और देवर सहित परिवार के अन्य सदस्य भी गए।
पत्नी का आरोप है कि हनीमून पति-पत्नी के लिए निजी समय होता है, लेकिन पूरे परिवार के साथ रहने के कारण उसे अपने पति के साथ पर्याप्त समय बिताने का अवसर नहीं मिला। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। मामला परिवार परामर्श केंद्र पहुंचा, जहां दोनों पक्षों की कई दौर की काउंसलिंग कराई गई। हालांकि, अब तक कोई सहमति नहीं बन सकी है। पत्नी इस घटना को अपनी निजी जिंदगी में हस्तक्षेप मान रही है, जबकि पति का कहना है कि उसने परिवार को साथ ले जाकर कोई गलती नहीं की और उसका उद्देश्य सभी को खुश रखना था।
बताया जा रहा है कि तीन बार काउंसलिंग होने के बावजूद विवाद का समाधान नहीं निकल पाया है। ऐसे में दोनों के रिश्ते में तनाव बना हुआ है और मामला तलाक तक पहुंचने की स्थिति में है। परिवार परामर्श केंद्र के अधिकारी दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश कर रहे हैं ताकि रिश्ते को बचाया जा सके।
Next Story





