भारत

गृह मंत्री शाह ने ‘ऑपरेशन मॉनसून थंडर’ की सफलता पर एनसीबी और डीईए को दी बधाई, भारत-अमेरिका साझेदारी को बताया अहम

jantaserishta.com
21 Nov 2026 5:03 PM IST
गृह मंत्री शाह ने ‘ऑपरेशन मॉनसून थंडर’ की सफलता पर एनसीबी और डीईए को दी बधाई, भारत-अमेरिका साझेदारी को बताया अहम
x
नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत और अमेरिका की एजेंसियों के संयुक्त अभियान ‘ऑपरेशन मॉनसून थंडर’ की सफलता पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत भारत और अमेरिका में की गई गिरफ्तारियां और जब्तियां मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने में दोनों देशों की साझेदारी की ताकत को दर्शाती हैं।
गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सीमापार मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए संयुक्त रूप से शुरू किए गए ‘ऑपरेशन मॉनसून थंडर’ को शानदार सफलता मिली है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए एनसीबी और अमेरिकी डीईए की सराहना की।
गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ प्रतिबद्ध है कि न तो एक ग्राम मादक पदार्थ भारत में प्रवेश करे और न ही यहां से दूसरे देशों में जाए।
इससे पहले एनसीबी ने एक्स पर जानकारी दी थी कि उसने अमेरिकी डीईए के साथ करीबी समन्वय में एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के भारतीय मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह नेटवर्क डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अमेरिका में साइकोट्रॉपिक और ओपिओइड दवाओं की आपूर्ति कर रहा था।
एनसीबी के मुताबिक, इस नेटवर्क के सदस्य टेलीग्राम और व्हाट्सऐप जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते थे, जबकि ऑर्डर का प्रबंधन गूगल शीट्स के जरिए किया जाता था। दवाओं की डिलीवरी के लिए डाक सेवाओं और ड्रॉप-शिपिंग कंसाइनमेंट का इस्तेमाल किया जा रहा था। वहीं, वित्तीय लेनदेन के लिए डिजिटल भुगतान, क्रिप्टोकरेंसी और हवाला नेटवर्क का सहारा लिया जा रहा था।
एजेंसी ने बताया कि इस अभियान के तहत भारत के चार शहरों से छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच के दौरान करीब 3,000 पार्सल की पहचान की गई, जिनमें लगभग पांच लाख टैबलेट शामिल थीं। इनकी खेप अमेरिका के भीतर भेजी गई थी।
इसके अलावा, भारतीय एजेंसियों ने 59 हजार से अधिक अमेरिकी नागरिकों से संबंधित डेटा अमेरिकी डीईए के साथ साझा किया है। वहीं, अमेरिकी एजेंसी ने दो सक्रिय कंसाइनमेंट को भी बीच रास्ते में रोकने में सफलता हासिल की।
एनसीबी ने कहा कि यह अभियान अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने में भारत और अमेरिका के बीच मजबूत कानून प्रवर्तन सहयोग का उदाहरण है। मामले की आगे जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क के मुख्य संचालकों की पहचान की जा सके, वित्तीय लेनदेन का पता लगाया जा सके और इसके व्यापक अंतरराष्ट्रीय संपर्कों का खुलासा किया जा सके। एजेंसी ने कहा कि वह खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखेगी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story