भारत

पुणे में फिर गिरा होर्डिंग, 2 लोग गंभीर

Shantanu Roy
18 May 2024 3:52 PM GMT
पुणे में फिर गिरा होर्डिंग, 2 लोग गंभीर
x
देखें VIDEO...
पुणे। पुणे सोलापुर स्टेट हाईवे पर कवाडीपाट टोल बूथ के पास होर्डिंग गिरने से दो लोग घायल हो गए. गुलमोहर लॉन के सामने हुए हादसे में दूल्हे के लिए लाया गया घोड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके अलावा दो और लोग घायल हुए हैं. हाल ही में मुंबई के घाटकोपर में होर्डिंग गिरने से 16 लोगों की मौत हो गई थी और 74 घायल हो गए थे.
13 मई को मुंबई में अचानक तूफान आया और बारिश हुई. धूल भरी आंधी के साथ तेज हवाएं चलने से घाटकोपर के छेदा नगर इलाके में एक बड़ा होर्डिंग पेट्रोल पंप पर गिर गया और भयंकर हादसा हो गया. शुरुआत में 14 लोगों के शव मिले थे और 77 घायलों को अस्पताल भेजा गया था. लेकिन बाद में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 16 पहुंच गया था और 74 लोग घायल हो गए थे. जांच में सामने आया कि ये होर्डिंग अवैध था और 15 हजार वर्ग फीट से ज्यादा क्षेत्रफल में लगा था. इस होर्डिंग का नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज चुका था.
घाटकोपर होर्डिंग हादसा
मुंबई पुलिस ने बिलबोर्ड लगाने वाली कंपनी के मालिक भावेश भिड़े को गुरुवार 16 मई को उदयपुर (राजस्थान) से गिरफ्तार कर लिया। भिड़े की एडवरटाइजिंग कंपनी इगो मीडिया लिमिटेड ने ही घाटकोपर में बिलबोर्ड लगाया था। वहीं, हादसे का रेस्क्यू ऑपरेशन गुरुवार को खत्म हुआ। दरअसल, घाटकोपर में जो होर्डिंग गिरा था, वह 100 फीट ऊंचा था। होर्डिंग के नीचे कई कार, टू-व्हीलर्स और लोग दब गए थे। हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत और 75 लोग घायल हुए। रेस्क्यू ऑपरेशन के चौथे दिन BMC कमिश्नर भूषण गगरानी भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने निरीक्षण कर ऑपरेशन के खत्म होने की सूचना दी।
ऑपरेशन के दौरान बुधवार (15 मई) देर रात को मलबे से दो और शव बाहर निकाले गए। ये शव रिटायर्ड एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) मैनेजर मनोज चंसोरिया और उनकी पत्नी अनीता के हैं। मनोज मुंबई ATC के जनरल मैनेजर पद से मार्च 2024 में ही रिटायर हुए थे। वे मध्य प्रदेश के जबलपुर में रहते थे, लेकिन पत्नी अनीता के वीजा के काम के लिए वे अपनी कार से मुंबई गए थे। काम के बाद वे 13 मई को घाटकोपर के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने गए। इसी दौरान मुंबई में तेज हवाएं और आंधी चली और 250 टन वजनी होर्डिंग पंप पर जा गिरा था।

13 मई को हादसे की खबर सुनकर मनोज के बेटे ने उन्हें कॉल किया था, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद मनोज के बेटे ने मुंबई में रहने वाले अपने दोस्त को फोन किया। उनके दोस्त ने मनोज और अनीता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मनोज के फोन की लोकेशन ट्रेस की। फोन घाटकोपर पेट्रोल पंप के पास ट्रेस हुआ। पुलिस ने आशंका जताई की मलबे में मनोज और अनीता हो सकते हैं। इसके बाद NDRF की टीम ने मंगलवार रात को मलबे में दो शवों के दबे होने की पुष्टि की थी, लेकिन तब उनकी पहचान नहीं हो पाई थी। बुधवार को लोहा काटकर जब दोनों शव बाहर निकाले गए, तब मनोज और अनीता की पहचान हो पाई।



Next Story