भारत

हवालात से फरार हिस्ट्रीशीटर का एनकाउंटर, पुलिस पर फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली

SHIDDHANT
1 Sept 2026 11:43 PM IST
हवालात से फरार हिस्ट्रीशीटर का एनकाउंटर, पुलिस पर फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली
x
जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
DEEG डीग। राजस्थान के डीग जिले में पुलिस और हिस्ट्रीशीटर विक्रम उर्फ टिल्ला के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, सीकरी थाने की हवालात से फरार हुए आरोपी को मध्य प्रदेश के रीवा से गिरफ्तार कर डीग लाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसने कथित तौर पर एक कॉन्स्टेबल से हथियार छीन लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। डीग एसपी कांबले शरण गोपीनाथ के अनुसार, करीब 30 वर्षीय विक्रम उर्फ टिल्ला सीकरी के बलदेववास का रहने वाला है। उसके खिलाफ करीब 17 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। वह 28 अगस्त को सीकरी थाने की हवालात से फरार हो गया था। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम बनाई गई और उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान एएसआई सुल्तान सिंह को सूचना मिली कि विक्रम मध्य प्रदेश के रीवा जिले में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मध्य प्रदेश पहुंची और सतना-रीवा क्षेत्र में तलाश के बाद आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, विक्रम को हिरासत में लेकर टीम डीग के लिए रवाना हुई। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नगर-नदबई रोड पर राठा के पास तालाब के समीप स्थिति अचानक बिगड़ गई। आरोप है कि विक्रम ने कॉन्स्टेबल दीनदयाल का हथियार छीन लिया।
पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोली चला दी। एक गोली एएसआई सुल्तान सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद एएसआई ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। पुलिस की जवाबी गोली विक्रम के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी और वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे दोबारा हिरासत में लिया। घायल आरोपी को तत्काल नगर कस्बे के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए भरतपुर के अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस अब हवालात से फरार होने और पुलिस टीम पर कथित फायरिंग से जुड़े घटनाक्रम की भी जांच कर रही है। हिस्ट्रीशीटर के दोबारा पकड़े जाने के बाद उसके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों और फरारी के दौरान उसे मदद पहुंचाने वाले संभावित लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Next Story