भारत

Hisar: सफलता और असफलता मानसिक शक्ति पर निर्भर: कर्नल पांडे

Admindelhi1
15 Jan 2026 9:30 PM IST
Hisar: सफलता और असफलता मानसिक शक्ति पर निर्भर: कर्नल पांडे
x
"कर्नल पांडे ने अनुभव साझा कर प्रेरित किया"

हिसार: गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में एनसीसी कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास एवं मानसिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से एक विशेष प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 56 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में थर्ड हरियाणा गर्ल्स बटालियन एनसीसी, हिसार के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल ज्ञान प्रकाश पांडेय ने मुख्य वक्ता के रूप में कैडेट्स को संबोधित किया।

अपने संबोधन में कर्नल ज्ञान प्रकाश पांडेय ने गुरुवार काे कहा कि ‘मन के हारे हार है, मन के जीते जीत’—सफलता और असफलता का निर्धारण व्यक्ति की मानसिक शक्ति पर निर्भर करता है। उन्होंने कैडेट्स को नियमित रूप से योग, ध्यान एवं प्रार्थना करने की सलाह दी और कहा कि इससे न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं मानसिक संतुलन भी सुदृढ़ होता है। कर्नल पांडेय ने युवाओं को राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि अनुशासित, स्वस्थ और सकारात्मक सोच वाला युवा वर्ग ही देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा सकता है। उन्होंने एनसीसी को युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम बताया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की सीटीओ डॉ. कविता बहमनी एवं मिस मनीषा भी उपस्थित रही। उन्होंने कैडेट्स को एनसीसी के माध्यम से व्यक्तित्व निर्माण, आत्मनिर्भरता और देश सेवा के महत्व से अवगत कराते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी 56 कैडेट्स ने मुख्य वक्ता के प्रेरणादायक विचारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

Next Story