भारत
रेलवे स्टेशनों पर नेमबोर्ड पर हिंदी में लिखे शब्दों को काला किया, एक्शन में रेलवे
jantaserishta.com
24 Feb 2025 8:05 AM IST

x
आरोपियों की तलाश जारी.
पोल्लाची: तमिलनाडु में भाषा विवाद के बीच जहां सत्तारूढ़ डीएमके केंद्र पर हिंदी थोपने का आरोप लगा रही है, वहीं तमिल समर्थक कार्यकर्ताओं ने रविवार को राज्य के दो रेलवे स्टेशनों पर नेमबोर्ड पर हिंदी में लिखे शब्दों को काला कर दिया. एक वायरल वीडियो में कार्यकर्ता 'पोल्लाची जंक्शन' के हिंदी में लिखे नाम को काला करते नजर आए. हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने तुरंत इसे ठीक कर दिया.
पालघाट डिवीजन के दक्षिण रेलवे ने सोशल मीडिया पर बताया कि रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है और उन्हें कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ेगा.
बता दें कि तिरुनेलवेली जिले के पलायनकोट्टई रेलवे स्टेशन पर डीएमके कार्यकर्ताओं ने नेमबोर्ड पर लिखी हिंदी को काला कर दिया. इस मामले में आरपीएफ ने डीएमके के छह कार्यकर्ताओं के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है.
तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी डीएमके लंबे समय से केंद्र सरकार और बीजेपी पर हिंदी थोपने का आरोप लगा रही है. खासकर, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) को लेकर डीएमके और बीजेपी के बीच तीखी बहस होती रही है. हालांकि, केंद्र सरकार इन आरोपों को खारिज कर चुकी है.
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत तीन-भाषा नीति को लेकर केंद्र और तमिलनाडु सरकार के बीच चल रही खींचतान के बीच, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा था कि भारत की भाषाएं हमेशा बिना किसी दुश्मनी के एक-दूसरे को प्रभावित और समृद्ध करती रही हैं.
नई दिल्ली में 98वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'भारतीय भाषाओं के बीच कभी कोई दुश्मनी नहीं रही है. भाषाओं ने हमेशा एक-दूसरे को प्रभावित और समृद्ध किया है. अक्सर, जब भाषाओं के आधार पर विभाजन पैदा करने की कोशिश की गई, तो भारत की साझा भाषाई विरासत ने इसका माकूल जवाब दिया.' इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने लोगों से ऐसी 'गलत धारणाओं' से खुद को दूर रखने और सभी भाषाओं को समृद्ध बनाने के लिए कहा.
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पीएम मोदी ने कहा, 'यह हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है कि हम इन गलत धारणाओं से खुद को दूर रखें और सभी भाषाओं को अपनाएं और समृद्ध करें.'
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





