भारत
इंडोर स्टेडियम से खेल की दुनिया पर राज करेगा हिमाचल, खेल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
Shantanu Roy
18 Oct 2026 2:56 PM IST

x
Nadaun. नादौन। गुरु गोबिंद सिंह जी और बाबा बुल्ले शाह जैसी महान हस्तियों से जुड़ी ऐतिहासिक विरासत और समृद्ध सांस्कृतिक पहचान रखने वाले नादौन के साथ अब विकास का एक नया अध्याय जुडऩे जा रहा है। बस अड्डे के समीप मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का ड्रीम प्रोजेक्ट करीब 150 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा बहुउद्देश्यीय इंडोर स्टेडियम आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ शहर को नई पहचान देने की तैयारी में है। पांच मंजिला इस भव्य परिसर में स्विमिंग पूल, शूटिंग रेंज, बैडमिंटन,बास्केटबॉल कोर्ट सहित 14 से अधिक खेलों के आयोजन की व्यवस्था की जा रही है। करीब 42 कनाल भूमि पर बन रहे इस परिसर का लगभग 75 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। लोकार्पण की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार नवंबर में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इसे प्रदेश को समर्पित करेंगे।
दिसंबर में यहां राष्ट्रीय स्तर की अंडर-14 स्कूल ताइक्वांडो प्रतियोगिता आयोजित करने की दिशा में भी प्रक्रिया शुरू होने की बात कही जा रही है। राष्ट्रीय टूर्नामेंट और विभिन्न खेलों के प्रशिक्षण शिविरों के आयोजन से नादौन और आसपास के क्षेत्रों में खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों तथा खेल प्रेमियों की आवाजाही बढऩे की संभावना है। इससे होटल, ढाबे, रेस्तरां, परिवहन, खान-पान, खेल सामग्री और अन्य स्थानीय व्यवसायों को लाभ भी मिल सकता है। खेल परिसर के बेसमेंट में दस मीटर की 10 लेन वाली शूटिंग रेंज बनाई गई है। यहां करीब 250 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। ग्राउंड फ्लोर पर आठ लेन वाला स्विमिंग पूल तैयार किया गया है, जिसकी लंबाई 21 मीटर और चौड़ाई 25 मीटर है। पूल के साथ बनी दर्शक दीर्घा में लगभग 500 लोग बैठ सकेंगे। परिसर में दिव्यांगजनों के लिए रैंप की सुविधा भी दी गई है। 50 से अधिक वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान छोड़ा गया है। इस परियोजना पर अब तक करीब 100 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। परिसर में स्विमिंग, शूटिंग, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कुश्ती, कबड्डी, ताइक्वांडो, जूडो, बॉक्सिंग और योग सहित 14 से अधिक खेलों के आयोजन की व्यवस्था की जा रही है। बॉक्सिंग, जूडो, कुश्ती और ताइक्वांडो जैसी प्रतियोगिताओं के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजन की संभावनाएं भी हैं।
Next Story





