भारत

कंगना रनौत के खिलाफ FIR पर गरमाई हिमाचल की सियासत

Shantanu Roy
15 Nov 2026 9:19 PM IST
कंगना रनौत के खिलाफ FIR पर गरमाई हिमाचल की सियासत
x
Shimla. शिमला। भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ शिमला में दर्ज एफआईआर को लेकर हिमाचल प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। सोनिया गांधी की पुस्तक को लेकर कंगना की ओर से की गई टिप्पणियों ने प्रदेश में नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। कांग्रेस ने कंगना के खिलाफ एफआईआर को उचित ठहराते हुए कंगना की टिप्पणियों को तथ्यहीन और मानहानिकारक बताया है। राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कंगना के खिलाफ कार्रवाई का खुलकर समर्थन करते हुए कहा कि किसी की छवि खराब करने के लिए झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाना स्वीकार नहीं किया जा सकता। जगत सिंह नेगी ने कहा कि सोनिया गांधी की ओर से जारी पुस्तक ऐतिहासिक है, जिसमें कई दशकों की घटनाओं का विस्तार से उल्लेख किया
गया है।


पुस्तक में भाजपा और आरएसएस की भूमिका का भी विश्लेषण किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुस्तक में उठाए गए तथ्यों का जवाब देने के बजाय भाजपा और आरएसएस के नेता निचले स्तर की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक असहमति अपनी जगह है, लेकिन किसी व्यक्ति और उसके परिवार की छवि खराब करने के लिए तथ्यहीन बातें प्रचारित करना उचित नहीं है। नेगी ने कहा कि यदि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियां मानहानिकारक हैं या उनमें गलत तथ्य पेश किए गए हैं तो कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि तथ्यों के आधार पर होने वाली कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना कैसे कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश के लिए योगदान देने वाले किसी व्यक्ति और उसके परिवार पर बिना प्रमाण आरोप लगाना स्वीकार नहीं किया जा सकता। आरोप लगाने वालों को अपनी बातों के समर्थन में तथ्य भी प्रस्तुत करने चाहिए।
Next Story