
पाकिस्तान। बलूचिस्तान प्रांत में मंगलवार को एक पैसेंजर ट्रेन का अपहरण कर लिया गया, जिसमें लगभग 500 लोग सवार थे। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन ने दावा किया कि उसने 214 यात्रियों को बंधक बना लिया है और पाकिस्तानी सेना के 30 जवानों को मार डाला है। इस समूह ने यह भी धमकी दी है कि अगर सुरक्षा बल पीछे नहीं हटे तो वे सभी बंधकों को मौत के घाट उतार देंगे। मंगलवार देर रात तक पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने ट्रेन से लगभग 80 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया।
आतंकी समूह ने अपनी मांगों में कहा है कि बलूच राजनीतिक कैदियों और राष्ट्रीय प्रतिरोध कार्यकर्ताओं को बिना शर्त रिहा किया जाए। इसके बदले में वे बंधकों को छोड़ने को तैयार हैं और इसके लिए उन्होंने 48 घंटे का समय सीमा तय की है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सुरक्षा बलों ने 13 आतंकवादियों को जवाबी कार्रवाई में मार गिराया है।
जाफर एक्सप्रेस क्वेटा से अपनी यात्रा शुरू करने के बाद हमले का शिकार बन गया। ट्रेन को टनल नंबर 8 के पास आतंकवादियों ने घेर लिया और इसके बाद ट्रेन के यात्रियों से संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जा रही थी। आतंकवादियों ने ट्रेन को एक दूरदराज स्थान पर ट्रेन को पटरी से उतारने के बाद कब्जा करने का दावा किया है। हालांकि बलूच अधिकारियों या रेलवे ने अब तक किसी प्रकार की हताहत और बंधकों की स्थिति की पुष्टि नहीं की है।





