
x
Gurugram. गुरुग्राम। गुरुग्राम के सेक्टर-89 में एक थार चालक का सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। आरोप है कि नशे की हालत में चालक ने एक कैब को अपनी थार से बार-बार टक्कर मारी, जिससे कैब का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-89 में थार सवार चालक ने कथित तौर पर कैब को रोककर उसे कई बार टक्कर मारी। आसपास मौजूद लोगों ने घटना को देखकर दूरी बना ली। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
सूचना मिलने के बाद खेड़कीदौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कैब चालक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस दिल्ली नंबर की थार के आधार पर वाहन मालिक और घटना के समय गाड़ी चला रहे व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास कर रही है। चालक के नशे में होने के दावे की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। वहीं गुरुग्राम में एक अन्य सड़क हादसे में डिलीवरी बॉय जनक सिंह की मौत हो गई। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के रहने वाले थे और कापसहेड़ा में किराए पर रहकर राइडर का काम करते थे।
शिकायत के मुताबिक, 18 सितंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे जनक सिंह बाइक से शंकर चौक से इफको चौक की तरफ जा रहे थे। साइबर हब के सामने एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। डीएलएफ फेज-दो थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए वाहन और चालक की पहचान शुरू कर दी है।
Next Story





