भारत
Jharkhand: हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल का 5 दिसंबर को विस्तार, छह से सात नए चेहरों को मौका मिलना तय
jantaserishta.com
3 Dec 2024 5:32 PM IST

x
रांची: झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार 5 दिसंबर को करने की तैयारी है। सूत्रों के अनुसार, सरकार ने मंत्रियों के शपथ ग्रहण के लिए इस दिन दोपहर 12 बजे का समय निर्धारित करने का आग्रह राजभवन को औपचारिक तौर पर भेजा है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम का ऐलान फिलहाल नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार, इस दिन 11 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इनमें झारखंड मुक्ति मोर्चा के छह, कांग्रेस के चार और राष्ट्रीय जनता दल के एक मंत्री होंगे। इस बार मंत्रिमंडल में छह से सात नए चेहरों को मौका मिलना तय माना जा रहा है।
झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से चाईबासा के विधायक दीपक बिरुआ, घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन, मधुपुर के विधायक हफीजुल हसन, भवनाथपुर के विधायक अनंत प्रताप देव, जामा की विधायक डॉ. लुईस मरांडी और टुंडी के विधायक मथुरा महतो को मंत्री बनाए जाने की संभावना है। वैसे ईचागढ़ की विधायक सविता महतो और राजमहल के विधायक एमटी राजा के नाम की भी चर्चा चल रही है।
कांग्रेस की ओर से जिन चार विधायकों को मंत्री बनाए जाने की संभावना है, उनमें लोहरदगा के विधायक रामेश्वर उरांव, जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी, महागामा की विधायक दीपिका पांडेय सिंह एवं पोड़ैयाहाट के विधायक प्रदीप यादव में कोई एक और कोलेबिरा के विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी के नाम शामिल हैं।
रामगढ़ की विधायक ममता देवी, बेरमो के विधायक जयमंगल सिंह और मनिका के विधायक रामचंद्र सिंह के भी नाम की चर्चा है। राजद कोटे से देवघर के विधायक सुरेश पासवान मंत्री बनने की रेस में सबसे आगे बताए जाते हैं। हालांकि, गोड्डा के विधायक संजय सिंह यादव और हुसैनाबाद के विधायक संजय प्रसाद यादव ने भी मंत्री पद के लिए लॉबिंग की है।
हेमंत सोरेन ने 28 नवंबर को मुख्यमंत्री के रूप में अकेले शपथ ली थी। झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले चार दलों के गठबंधन ने 56 सीटों पर जीत हासिल की है। झारखंड मुक्ति मोर्चा को 34, कांग्रेस को 16, राजद को चार और सीपीआई एमएल को दो सीटों पर जीत हासिल हुई है। सीपीआई एमएल ने अपने विधायकों को मंत्रिमंडल से दूर रखने का फैसला किया है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





