भारत

पुलिस तैनाती के बावजूद प्रतिबंधित पुल से गुजर रहे भारी वाहन, कथित वसूली के आरोप

Shantanu Roy
8 Oct 2026 2:39 PM IST
पुलिस तैनाती के बावजूद प्रतिबंधित पुल से गुजर रहे भारी वाहन, कथित वसूली के आरोप
x
Chandauli. चंदौली। मुगलसराय कोतवाली के रेलवे चौकी क्षेत्र के चकिया तिराहा (गंजी प्रसाद तिराहा) स्थित जीटीआर ब्रिज पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित होने के बावजूद रात के समय ट्रकों के बेरोकटोक गुजरने का मामला सामने आया है। गुरुवार रात प्रतिबंधित मार्ग से कई भारी वाहनों के गुजरने और पुलिस सहायता बूथ पर तैनात पुलिसकर्मियों की मौजूदगी ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जीटीआर ब्रिज पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक है। इसके लिए चकिया तिराहा स्थित पुलिस सहायता बूथ के पास पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है ताकि प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों को जाने से रोका जा सके। इसके बावजूद रात के समय ट्रक बूथ से आगे बढ़ते हुए जीटीआर ब्रिज तक पहुंच रहे हैं।

आरोप है कि कुछ ट्रकों को रोककर कथित तौर पर वसूली किए जाने के बाद उन्हें प्रतिबंधित मार्ग से आगे जाने दिया जाता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सवाल यह है कि पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद भारी वाहन प्रतिबंधित पुल तक कैसे पहुंच रहे हैं और उन्हें वहां से गुजरने की अनुमति कौन दे रहा है? लोगों ने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही, यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
Next Story