भारत

झमाझम बारिश से दिल्ली जलमग्न, कार डूबी और हवाई सेवा प्रभावित

Nilmani Pal
25 May 2025 7:37 AM IST
झमाझम बारिश से दिल्ली जलमग्न, कार डूबी और हवाई सेवा प्रभावित
x

दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली है. शनिवार देर शाम भारतीय मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी चेतावनी के कुछ घंटों के भीतर ही मौसम में भारी बदलाव देखने को मिला. शनिवार और रविवार की दरमियानी रात तेज़ हवाओं, गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश हुई. इससे गर्मी से बेहाल लोगों को राहत तो दी, लेकिन कई इलाकों में पानी भरने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा. वहीं कई जगह पेड़ भी टूटने की जानकारी है.

दरअसल, मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई ज़िलों में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज़ हवाओं, भारी बारिश, और गरज-चमक के साथ तूफान की चेतावनी दी थी. इसी के तहत दिल्ली-एनसीआर के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया गया था. इसके कुछ ही घंटों बाद दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में झमाझम बारिश देखने को मिली. तेज बारिश के चलते राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई. मिंटो रोड, हुमायूं रोड और शास्त्री भवन जैसे क्षेत्रों में पानी भर गया. मिंटो ब्रिज पर एक कार पानी में डूबी हुई पाई गई. यह स्थान हर बार तेज बारिश के बाद जलभराव के लिए जाना जाता है. इसके चलते ट्रैफिक पर भी असर पड़ा है.

मौसम की खराबी का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा. इंडिगो ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी दी कि दिल्ली में खराब मौसम और हवाई यातायात में भीड़ के कारण उसकी उड़ानों पर असर पड़ा है. यात्रियों को सलाह दी गई कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें. इंडिगो ने एक घंटे बाद एक और अपडेट देते हुए बताया कि दिल्ली में मौसम में सुधार हो रहा है, लेकिन एयर ट्रैफिक की भीड़ अभी भी बनी हुई है, जिससे उड़ानों पर असर संभव है.


Next Story