भारत

यूपी में भारी बारिश का कहर-30 जिलों में अलर्ट

SHIDDHANT
18 Aug 2026 12:34 AM IST
यूपी में भारी बारिश का कहर-30 जिलों में अलर्ट
x
प्रयागराज-कन्नौज में बिजली गिरने से दो की मौत
Lucknow लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में पिछले 48 घंटों से रुक-रुककर हो रही भारी बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई शहरों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जबकि नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ने से तटीय इलाकों और गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। प्रयागराज और कन्नौज में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौत की खबर है। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में फिर भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बारिश के कारण प्रयागराज, वाराणसी, बांदा, चित्रकूट, फर्रुखाबाद और कन्नौज समेत कई जिलों में हालात प्रभावित हुए हैं। कई स्थानों पर सड़कों और निचले इलाकों में पानी जमा हो गया है। लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। प्रयागराज और वाराणसी में नदियों के उफान पर आने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में बहने वाली मोहना नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। इससे नदी किनारे बसे गांवों के लोगों में चिंता का माहौल है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। बारिश जारी रहने की स्थिति में निचले इलाकों में पानी और बढ़ने की आशंका है। प्रयागराज में रविवार रात से शुरू हुई तेज बारिश सोमवार सुबह तक जारी रही। शहर के कई इलाकों में जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। पुराने शहर में सफाई व्यवस्था और जलभराव को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए सरकार पर निशाना साधा।
इसी बीच प्रयागराज के सरायममरेज क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। तेज हवा और बारिश के कारण सरस्वती घाट पर एक छज्जा गिरने की घटना भी सामने आई। वहीं कन्नौज में भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की जान चली गई। बांदा और चित्रकूट के कई गांवों में बारिश का पानी घुसने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। फर्रुखाबाद और कन्नौज में बाढ़ के कारण भी स्थि ति चिंताजनक बनी हुई है। नदियों का पानी बढ़ने से खेतों और निचले इलाकों में नुकसान का खतरा पैदा हो गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए कई जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा करीब 30 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों से दूर रहने और उफनती नदियों एवं जलभराव वाले रास्तों के पास नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।
Next Story