भारत

मैनपुरी में भारी बारिश: अलग-अलग हादसों में किशोरी समेत दो लोगों की मौत

Kunti Dhruw
25 Sep 2021 2:10 PM GMT
मैनपुरी में भारी बारिश: अलग-अलग हादसों में किशोरी समेत दो लोगों की मौत
x
मैनपुरी जिले में शुक्रवार रात को बारिश के दौरान हुए हादसों से अलग-अलग गांवों में किशोरी और युवक की मौत हो गई।

मैनपुरी जिले में शुक्रवार रात को बारिश के दौरान हुए हादसों से अलग-अलग गांवों में किशोरी और युवक की मौत हो गई। पहली घटना कच्चा मकान गिरने से हुई। इसके मलबे में दबकर किशोरी की मौत हो गई। दूसरी घटना में आकाशीय बिजली ने युवक की जान ले ली। क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी है।

पहली घटना बेवर क्षेत्र के गांव चंदनपुर की है। गांव निवासी बृजराज सिंह की 15 वर्षीय पुत्री प्रेमलता कच्चे मकान में सो रही थी। बारिश के चलते सुबह चार बजे के करीब कच्चा मकान तेज आवाज के साथ गिर गया। आवाज सुनकर बाहर छप्पर में सो रहे परिजनों ने आसपास के लोगों की मदद से एक घंटे में किशोरी को बाहर निकाला और बेवर अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना बेवर क्षेत्र के ही गांव नगला मुरार की है। गांव निवासी 20 वर्षीय विनोद कुमार पुत्र रावेंद्र सिंह झोपड़ी में सो रहा था। बारिश के दौरान शनिवार को सुबह करीब सवा पांच बजे अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली झोपड़ी पर गिरी। इससे विनोद की मौत हो गई। दोनों ही घटनाओं में क्षेत्रीय लेखपालों ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। उन्होंने एसडीएम को अपनी रिपोर्ट भेजी है।
बारिश फसल को भी पहुंचा रही नुकसान
सितंबर की बारिश केवल लोगों के लिए ही नहीं फसलों के लिए नुकसानदेह साबित हो रही है। खेतों में तैयार खड़ी धान और बाजरा की फसल को बारिश से नुकसान हो रहा है। वहीं गेंदा की खेती को भी बारिश से नुकसान हो रहा है। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार अगर बारिश जारी रहती है तो धान की फसल में किसानों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।
Next Story