भारत

दिल्ली के मिलन विहार में भारी फोर्स तैनात, सामुदायिक तनाव की खबर

Nil dhankar
18 March 2024 4:27 PM IST
दिल्ली के मिलन विहार में भारी फोर्स तैनात, सामुदायिक तनाव की खबर
x

दिल्ली। दिल्ली के इंद्रलोक में नमाजियों को लात मारने की घटना को लेकर हुए बवाल के बाद एक और इलाके में तनाव उत्पन्न हो गया है। पैगंबर पर विवादित टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद माहौल बिगड़ गया है।राजधानी में झड़ौदा के मिलन विहार में तनाव को देखते हुए पुलिस और पैरामिलिट्री के जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी हुई है।

दरअसल इलाके में एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें पैगंबर के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। इसको लेकर तनाव की स्थिति है। जिस युवक पर आरोप लगा है वह फिलहाल फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी की तलाश तेज कर दी है। हालात खराब न हो इसीलिए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के झड़ौदा गांव में वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस के साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को भी तैनात किया गया है। अफवाहों पर नजर रखने के लिए खुफिया तंत्र को भी अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस ने मुस्लिम समुदाय के कुछ प्रमुख लोगों से बात की है और इलाके में शांति-व्यवस्था कायम रखने के लिए उनका भी सहयोग लिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करके सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।


Next Story