
x
फाइल फोटो
वीडियो हुआ वायरल.
नई दिल्ली: अयोध्या में मछली भोज पर टीवी डिबेट के दौरान हनुमानगढी के महंत राजू दास अपना आपा खो बैठे। वह लाइव शो के दौरान ही कांग्रेस प्रवक्ता को जूते मारने की धमकी देने के साथ ही गंदी गालियां देने लगे। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कांग्रेस इसे लेकर राजू दास के खिलाफ केस दर्ज कराने की तैयारी भी कर रही है। मछली भोज का मामला वैसे तो तीन दिन पहले का है लेकिन सोमवार को रायबरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे लेकर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधा तो वार-पलटवार का दौर तेज हो गया है। वहीं, अयोध्या के थाने में भी मछली भोज से भावना आहत होने की शिकायत करते हुुए तहरीर दी गई है।
मछली भोज को लेकर ही दूरदर्शन लाइव डिबेट हो रही थी। डिबेट में अयोध्या के हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास और कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद को बुलाया गया था। कांग्रेस प्रवक्ता अपना पक्ष रख रहे थे। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कार्यक्रम निषाद समाज का था, जहां पर अजय राय आए थे। इस देश में घूस खाना अपराध नहीं है, इस देश में भ्रष्टाचार करना अपराध नहीं है, भाजपा में गुंडागर्दी करना अपराध नहीं है। गाय के नाम पर हत्या करना अपराध नहीं है, लेकिन मछली खाना इनकी नजर में अपराध है, जो कि संविधान के किसी भी अनुच्छेद में इसका वर्णन नहीं है कि आप सावन के माह में मछली नहीं खा सकते हो।
राजू दास पर निशाना साधते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सौ-सौ चूहे खा के बिल्ली हज को चली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चार दिन पहले नॉनवेज खा रहे थे। सावन का माह है। लेकिन राजू दास के मुंह में दही जम गया, राजू दास नहीं बोले, किसी के मुंह से आवाज नहीं निकलती है। इस पर राजू दास ने जवाब देना चाहा तो कांग्रेस प्रवक्ता ने चुप कहकर उन्हें शांत कराना चाहा।
कांग्रेस प्रवक्ता का चुप सुनकर राजू दास भड़क गए। वह जूते मारने की धमकी देते हुए गंदी गालियां देने लगे। अचानकर लाइव डिबेट के दौरान इस तरह से धारा प्रवाह गालियां आने से महिला एंकर भी भौंचक रह गईं। उन्होंने भाषा की मर्यादा का ख्याल रखने की नसीहत देते हुए दोनों लोगों को शांत कराने की कोशिश की। बाद में दोनों को धन्यवाद देते हुए कार्यक्रम खत्म कर दिया गया।
दरअसल, अयोध्या में रविवार को कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में मछली बनाई गई थी। सम्मेलन में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी पहुंचे थे। मछली बनते हुए कई वीडियो भी वायरल हुए। सोमवार को रायबरेली में आयोजित समारोह में सीएम योगी ने इसी मछली भोज को लेकर अजय राय पर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस के लोग विरासत का अपमान करते हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने जिस तरह का आचरण किया है, वह इसका उदाहरण है। हनुमानगढ़ी में दर्शन करते हैं, फिर बाहर जाकर मछली की दावत उड़ाते हैं। ये राम-राम चिल्लाते हैं। इनका दोहरा आचरण देखकर तो गिरगिट भी शरमा जाता होगा। वह कहता होगा कि मनुष्य के रूप में हमारी कौन-सी प्रजाति पैदा हो गई है।
सीएम योगी के आरोपों पर अजय राय ने पलटवार करते हुए मछली खाने से इनकार किया। अजय राय ने कहा कि अगर मेरे मछली खाने की मुख्यमंत्री के पास कोई फोटो है तो दिखा दें। मैं इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं। कहा कि निषाद समाज ने मुझे बुलाया था। मैं जब भी अयोध्या जाता हूं पहले हनुमानगढ़ी और भगवान राम के दर्शन करता हूं और फिर कार्यक्रम में जाता हूं। निषाद समाज के कार्यक्रम में वे मछली का भोज करा रहे थे, ये उनका काम था। मैं कार्यक्रम में शामिल हुआ और वापस लखनऊ लौट आया। मछली पालना, पकड़ा और खाना निषाद समाज की जीवनशैली में है। भाजपा निषाद समाज का अपमान कर रही है, निषाद समाज इसे भूलेगा नहीं।
वहीं, सावन में अयोध्या के तारुन क्षेत्र में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के स्वागत कार्यक्रम के दौरान मछली भोज कराए जाने का विवाद थाने भी पहुंच गया है। जनसत्ता लोकतांत्रिक दल के ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने तारुन थाने में तहरीर देकर आयोजकों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 23 अगस्त को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम के दौरान तारुन बाजार स्थित मैरेज लॉन में मछली भोज का आयोजन किया गया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि सावन के पवित्र माह में कांवड़ मार्ग पर इस प्रकार का आयोजन श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। मामले को लेकर राजनीतिक विवाद भी सामने आया है। कार्यक्रम में मछली पकाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर धार्मिक भावनाओं के अपमान का आरोप लगाया।
Next Story





