
x
निर्दोष की ले ली जान
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में हत्या की एक सनसनीखेज साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि अदालत की सजा से बचने के लिए एक व्यक्ति ने कथित तौर पर खुद की मौत की झूठी कहानी रची और नेत्रहीन राजपाल की हत्या करवा दी। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी विनोद उर्फ बाबा समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने राजपाल की हत्या करने के बाद उसका सिर गंगा नदी में बहा दिया, जबकि धड़ कुएं में फेंक दिया। इसके बाद विनोद की पत्नी पूजा ने शव की पहचान अपने पति के रूप में की। इतना ही नहीं, गांव के नौ लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर भी दर्ज करवा दी गई। पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो पूरी कहानी सामने आ गई। जांच में पता चला कि जिस विनोद को मृत बताया गया था, वह जीवित है और उसी पर पूरी वारदात की साजिश रचने का आरोप है।
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी विनोद उर्फ बाबा, उसकी पत्नी पूजा, सास सुमित्रा, बेटे आदित्य, रिश्तेदार मनोज और कुंवरपाल सहित विकास व राजपाल नामक दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि विनोद उर्फ बाबा के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अदालत की सजा से बचने के लिए उसने कथित तौर पर अपनी मौत की झूठी कहानी तैयार की थी। इस साजिश में एक निर्दोष नेत्रहीन व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस जांच में फर्जी हत्या प्रकरण और ग्रामीणों को फंसाने की कथित साजिश का भी खुलासा हुआ है।
Next Story





