भारत
बाप रे! गुटखा तस्करों की कार पर लटका हेड कॉन्स्टेबल, 40 KM बाद पकड़े गए आरोपी
jantaserishta.com
27 Sept 2026 5:23 PM IST

x
देखें वीडियो.
कोयंबटूर: तमिलनाडु के कोयंबटूर में गुटखा तस्करी के आरोपियों को पकड़ने के दौरान पुलिस का फिल्मी अंदाज देखने को मिला. पुलिस एक कार का करीब 40 किलोमीटर तक पीछा करती रही. इसी दौरान हेड कॉन्स्टेबल वेलमुरुगन चलती कार की छत पर चढ़ गए. वह करीब 40 किलोमीटर तक कार की छत पकड़े रहे.
कार के अंदर बैठे आरोपी तेज रफ्तार में कार दौड़ाते रहे. आखिरकार पुलिस ने कार को घेरकर रोक लिया. इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने करीब 300 किलो गुटखा और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद बरामद किए हैं.
दरअसल, मामला कोयंबटूर के कोविलपालयम थाना क्षेत्र का है. पुलिसकर्मी नियमित वाहन जांच कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने एक लग्जरी कार को रोका. पुलिस को शक था कि कार कर्नाटक से आई है. कार के पीछे कई बोरियां रखी थीं.
सब इंस्पेक्टर विग्नेश ने जब बोरियों की जांच करने की कोशिश की तो कार में बैठे तीन लोगों ने पुलिसकर्मियों को धक्का दिया. इसके बाद उन्होंने कार के दरवाजे लॉक कर दिए. फिर अचानक कार तेज रफ्तार में दौड़ा दी. हेड कॉन्स्टेबल वेलमुरुगन ने आरोपियों को भागते देखा तो वह कार की छत पर चढ़ गए. उन्होंने कार को पकड़ लिया. आरोपियों ने उन्हें देखकर भी गाड़ी नहीं रोकी.
कार कोयंबटूर के अलग-अलग इलाकों से होती हुई आगे बढ़ती रही. यह विलांकुरिची, कलापट्टी फोर रोड्स और चित्रा से होते हुए कनियूर टोल प्लाजा पहुंची. ड्राइवर ने टोल पर पेमेंट की. इसके बाद बैरियर पार करके कार फिर तेज रफ्तार में आगे निकल गई. इस दौरान सड़क से गुजर रहे लोगों की नजर कार की छत पर लटके पुलिसकर्मी पर पड़ी. कई लोगों ने मोबाइल से इसका वीडियो बना लिया. देखते ही देखते यह पूरा घटनाक्रम चर्चा में आ गया.
पुलिस ने कनियूर पुलिस को मामले की जानकारी दी. इसके बाद कनियूर पुलिस के साथ कई एंबुलेंस भी पीछा करने लगीं. LG अस्पताल, बाला ऑर्थो अस्पताल और स्नेहम एंबुलेंस सेवा की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं. अविनाशी पुलिस को भी अलर्ट किया गया. करीब 40 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद कार अविनाशी में अन्नपूर्णा होटल के पास पहुंची. यहां पुलिस की गाड़ियों और एंबुलेंस ने कार को चारों तरफ से घेर लिया. आखिरकार कार रुक गई.
कार रुकने के बाद दो आरोपी भागने की कोशिश करने लगे. पुलिस ने तुरंत एक आरोपी को पकड़ लिया. इसके बाद तलाशी अभियान चलाया गया. पुलिस ने बाकी दोनों आरोपियों को भी पकड़ लिया. गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी राजस्थान के रहने वाले हैं. इनकी पहचान बाबू धारा (27), राजेश (23) और सुरेश (20) के रूप में हुई है.
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर बेंगलुरु से करीब 300 किलो गुटखा और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद लेकर कोयंबटूर जा रहे थे. इन सामानों की डिलीवरी कोयंबटूर में की जानी थी. पुलिस ने कार भी जब्त कर ली है.
घटनाक्रम सामने आने के बाद लोग सोशल मीडिया पर हेड कॉन्स्टेबल वेलमुरुगन की बहादुरी की तारीफ कर रहे हैं. करीब 40 किलोमीटर तक चलती कार की छत पर टिके रहना बेहद जोखिम भरा था. पुलिस के साथ पीछा करने और हेड कॉन्स्टेबल को सुरक्षित निकालने में मदद करने वाले एंबुलेंस कर्मियों और अन्य लोगों की भी सराहना की जा रही है.
Hat's Off To COIMBATORE POLICE ! 👏 pic.twitter.com/nFIhojQsKm
— Prakash Vijay (@PrakazVijay_Of) September 27, 2026
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





