
x
पिस्टल और कारतूस बरामद
Daund दौंड। पुणे जिले स्थित दौंड इलाके की यवत पुलिस ने चौफुला इलाके में अवैध देशी पिस्टल के सहारे एक व्यक्ति को धमकाकर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को मात्र दो घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, 12 जून की शाम करीब 5 बजे दौंड तहसील के बोरीपार्थी स्थित रेणुका कला केंद्र में यह घटना हुई, जब मयूर पाटिल और पवन बर्मी नामक दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर अवैध हथियार का प्रदर्शन करते हुए पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी और इलाके में आतंक का माहौल बनाने की कोशिश की।
आरोपियों की ओर से जान से मारने की धमकी के बाद पीड़ित ने स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दी। पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए यवत पुलिस थाने में तुरंत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। लेकिन पुलिस निरीक्षक संतोष तासगांवकर के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक किशोर वागज की टीम ने तकनीकी विश्लेषण का सहारा लेकर दोनों आरोपियों का पता लगा लिया और मात्र दो घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
दोनों आरोपियों को शनिवार को दौंड न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 15 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस तेज कार्रवाई की सराहना की है। चौफुला इलाके में अवैध हथियारों के इस्तेमाल की घटनाएं हाल के दिनों में बढ़ी हैं, जिसके चलते पुलिस अलर्ट पर है।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों का क्राइम रिकॉर्ड चेक किया जा रहा है, साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इससे पहले दोनों आरोपियों ने जिले में या जिले से बाहर कितने लोगों को धमकाया है।
Tagsपुणे क्राइमदौंड पुलिसयवत थानाअवैध पिस्टलदेशी कट्टा बरामदमयूर पाटिलपवन बर्मीआर्म्स एक्टधमकी मामलापुलिस गिरफ्तारीचौफुला क्षेत्रबोरीपार्थीरेणुका कला केंद्रमहाराष्ट्र अपराधपुलिस कार्रवाईPune CrimeDaund PoliceYavat Police StationIllegal PistolCountry Made Katta RecoveredMayur PatilPawan BarmiArms ActThreat CasePolice ArrestChauphula AreaBoriparthiRenuka Kala KendraMaharashtra CrimePolice Action
Next Story





