भारत

हैंडीक्राफ्ट कारोबारी का कत्ल, कारखाना मालिक निकला मास्टरमाइंड, ASP ने खुलासा किया

jantaserishta.com
30 March 2025 12:01 PM IST
हैंडीक्राफ्ट कारोबारी का कत्ल, कारखाना मालिक निकला मास्टरमाइंड, ASP ने खुलासा किया
x
फैली सनसनी.
संभल: संभल में सरायतरीन के हैंडीक्राफ्ट कारोबारी की हत्या प्रेम संबंधों में की गई थी। बहन से संबंधों की जानकारी होने पर हैंडीक्राफ्ट कारखाना मालिक ने उसकी हत्या के लिए पांच लाख की सुपारी दी थी। वारदात के 15 दिन बाद शनिवार को हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य हत्यारोपी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई कार, मोबाइल और फिरौती की रकम के साथ पुलिस ने वह पत्थर भी बरामद कर लिया है, जिससे हैडीक्राफ्ट कारोबारी के सिर पर वार किए गए थे।
सदर कोतवाली क्षेत्र में चिमयावली-बेगमपुर गांव के जंगल में 16 मार्च को अज्ञात शव मिला था। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया था, अगले दिन शव की शिनाख्त हयातनगर थाना क्षेत्र में सरायतरीन के मोहल्ला मंगलपुरा निवासी हैंडीक्राफ्ट कारोबारी मोहम्मद उवैश के भाई के रूप में हुई थी। मृतक के अजमल ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जब इस हत्याकांड की गहराई से जांच की तो मामला प्रेम संबंधों और बदले की रंजिश से जुड़ा निकला। शनिवार को सदर कोतवाली में एएसपी डॉ. श्रीश्चंद्र ने हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया। उन्होंने बताया कि चार साल पहले मोहम्मद उवैश हौज कटोरा मोहल्ले में स्थित मोहम्मद हाशिम के हैंडीक्राफ्ट कारखाने में काम करता था। इसी दौरान उसकी नजदीकियां कारखाना मालिक की बहन से हो गई।
जब यह बात मोहम्मद हाशिम को पता चली तो उसने बदनामी के डर से उवैश को कारखाने से निकाल दिया। लेकिन, यह मामला यही नहीं रुका। उवैश का उसकी प्रेमिका से मिलना जुलना जारी रहा। कारखाने से निकलने के बाद उवैश ने हैंडीक्राफ्ट का कारोबार शुरू कर दिया। कारखाना मालिक की बहन से उवैश की नजदीकियों के चलते मोहल्ले में हुई बदनामी का बदला हाशिम उवैश की हत्या कराकर लेना चाहता था। हाशिम के कारखाने में काम करने वाले शकील अहमद निवासी कनौरा थाना बाजपुर उद्यमसिंह नगर के साथ मिलकर हत्या की प्लानिंग बनाई। शकील अहमद ने अपने रिश्तेदार युसूफ निवासी सैदपुर जसकोली से पांच लाख रुपये की सुपारी देकर उवैश की हत्या कराने की बात कराई।
पुलिस के मुताबिक असमोली थाना क्षेत्र के सैदपुर जसकोली निवासी युसूफ ने उवैश की हत्या करने के लिए तीन लाख रुपये पहले और एक लाख रुपये हत्या करने के बाद में लिए थे। युसूफ ने हैडीक्राफ्ट कारोबारी मोहम्मद उवैश को पहले दो-तीन ऑर्डर दिलाए। ऑर्डर मिलने लगे तो उवैश युसूफ पर भरोसा करने लगा। 15 मार्च को युसूफ ने उवैश को फोन कर मुरादाबाद बुला लिया। वहां से अपने साथी प्रेमपाल को साथ लिया और तीनों लोग मुरादाबाद से जोया, सैदनगली होकर संभल पहुंचे।
गाड़ी में ही युसूफ ने उवैश के साथ मिलकर रोजा इफ्तार किया और फिर अंधेरा होने पर वाजिदपुरम बाईपास पर पहुंच गए। वहां जंगल में गाड़ी रोक ली और युसूफ ने उवैश के सिर पर पत्थर से वार किया फिर एक के बाद एक कई वार उवैश के सिर पर किए। इसके बाद प्रेमपाल ने गमछे से उवैश का गला घोंट दिया, जिससे उवैश ने दम तोड़ दिया।
उवैश की हत्या के बाद पुलिस ने घटनास्थल की तरफ जाने वाले रास्तों पर लगे कैमरों को खंगालना शुरू किया। पुलिस ने 25-30 कैमरों को खंगाला। वहीं दूसरी तरफ सर्विलांस टीम ने मृतक की सीडीआर खंगाली। जितने लोगों से उवैश की फोन से बात की गई थी उन सभी को हिरासत में लेकर कोतवाली पुलिस ने पूछताछ शुरू की। एक के बाद एक 12 से अधिक लोगों से पूछताछ की लेकिन पुलिस को कोई साक्ष्य नहीं मिला।
वहीं युसूफ घटना के बाद से फरार था। पुलिस ने युसूफ को शुक्रवार को वाजिदपुरम के पास से हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने हत्या करने और पूरी स्क्रिप्ट की जानकारी दी। उसके बाद पुलिस ने कारखाना मालिक मोहम्मद हाशिम और उसके कारखाने में काम करने वाले शकील अहमद को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या की वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार, मोबाइल, पत्थर और फिरौती के 13,500 रुपये भी बरामद कर लिए।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story