भारत

देश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ गिर सकते है ओले, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Nilmani Pal
26 Feb 2021 6:10 PM GMT
देश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ गिर सकते है ओले, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
x
दिल्ली-एनसीआर में दिन के समय तेज धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली हुई है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। दिल्ली-एनसीआर में दिन के समय तेज धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली हुई है। तेज धूप के चलते लोगों को अभी से फरवरी माह में गर्मी का अहसास होने लगा है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक सुबह में हल्के कोहरे का अनुमान जताया गया है। वहीं, दूसरी ओर देश के दूसरे हिस्से में बारिश के आसार बने हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार शुक्रवार को उत्तरी पाकिस्तान में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके चलते भारत के कई राज्यों में आने वाले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव दिखाई देगा। पश्चिमी विक्षोभ का असर शुक्रवार और शनिवार को पहाड़ी क्षेत्रों पर भी पड़ने की उम्मीद है।मौसम की इन विषम परिस्थितियों के कारण भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार के लिए जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज के साथ बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में अगले दो दिन गरज के बारिश और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं।वहीं, जम्मू- कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कुछ अलग-अलग स्थानों में भी शुक्रवार को भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है। आईएमडी के अनुसार इन स्थानों पर 26 से 27 फरवरी को ओलावृष्टि भी संभव है।

केरल के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश की उम्मीद
इसी बीच उत्तर पूर्वी भारत के सिक्किम राज्य में शनिवार और रविवार को गरज के साथ छिटपुट बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। दक्षिण भारत की बात करें तो शुक्रवार को केरल के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की उम्मीद है।
मार्च के शुरुआती दिनों में तापमान में होगी गिरावट
मौसम की अधिक जानकारी देते हुए आइएमडी के एडिशनल डायरेक्टर आनंद शर्मा ने बताया कि दिल्ली में कल का तापमान सामान्य से 8 डिग्री अधिक था और अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया था। दिल्ली और उत्तर पश्चिम भारत के आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री अधिक है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते आने वाले दिनों में यही उम्मीद है कि 1 और 2 मार्च के आसपास तापमान में हल्की गिरावट की उम्मीद है। उसके बाद हवा की दिशा बदल सकती है और पहाड़ों से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान थोड़ा कम हो सकता है।
गौरतलब है कि उत्तर भारत के कई हिस्सों में शुक्रवार और शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान शुक्रवार और रविवार से उत्तर भारत, उत्तर-पश्चिम भारत और उत्तर-पूर्व भारत के हिस्सों में सामान्य से अधिक गर्म होने का अनुमान है।


Next Story