भारत

ज्ञानवापी मस्जिद केसः आपत्तिजनक पोस्ट करने पर डीयू प्रोफेसर गिरफ्तार, हंगामा जारी

jantaserishta.com
21 May 2022 12:22 PM IST
ज्ञानवापी मस्जिद केसः आपत्तिजनक पोस्ट करने पर डीयू प्रोफेसर गिरफ्तार, हंगामा जारी
x

नई दिल्ली: वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद में सर्वे के दौरान शिवलिंग मिलने का दावा हिंदू पक्ष ने किया था. फेसबुक पर इसे लेकर दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर रतन लाल ने एक पोस्ट किया था. इस पोस्ट को लेकर धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले में केस दर्ज कर पुलिस ने प्रोफेसर रतन लाल को शुक्रवार की रात गिरफ्तार कर लिया था. प्रोफेसर रतन लाल की गिरफ्तारी को लेकर अब हंगामा खड़ा हो गया है. वामपंथी छात्र संगठन प्रोफेसर रतन लाल के पक्ष में खुलकर उतर आए हैं.

प्रोफेसर रतन लाल की गिरफ्तारी के विरोध में वामपंथी छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आईसा) के बैनर तले छात्रों ने प्रदर्शन किया. छात्रों ने ज्ञानवापी विवाद में रतन लाल को तुरंत रिहा किए जाने की मांग की. आईसा के बैनर तले छात्रों ने प्रोफेसर रतन लाल को तत्काल रिहा करने की मांग करते हुए दिल्ली यूनिवर्सिटी की आर्ट फैकल्टी के बाहर प्रदर्शन किया.
गौरतलब है कि प्रोफेसर रतन लाल की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र शुक्रवार की रात ही साइबर सेल थाने पहुंच गए थे. ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आईसा) से जुड़े छात्र दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर रतन लाल को तुरंत रिहा किए जाने की मांग कर रहे थे. रात गुजरने के बाद छात्र फिर से एक्टिव हो गए हैं.
दूसरी तरफ, शुक्रवार की रात गिरफ्तार किए गए प्रोफेसर रतन लाल को दिल्ली पुलिस आज दोपहर के बाद कोर्ट में पेश कर सकती है. प्रोफेसर रतन लाल को दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने वकील विनीत जिंदल की शिकायत पर मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया था. जानकारी के मुताबिक प्रोफेसर रतन लाल के खिलाफ उत्तरी दिल्ली के मोरिस नगर साइबर सेल थाने में धारा 153 ए और 295 ए के तहत मामला दर्ज किया गया है.
वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद में सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत के आदेश पर सर्वे हुआ था. इस सर्वे के दौरान मस्जिद के वजूखाने में शिवलिंग मिलने का दावा हिंदू पक्ष की ओर से किया गया था. इसी दावे को लेकर प्रोफेसर रतन लाल ने फेसबुक पर एक पोस्ट किया था. इस पोस्ट पर हंगामा खड़ा हुआ तो प्रोफेसर रतन लाल ने सफाई भी दी.
प्रोफेसर रतन लाल ने कहा था कि इतिहास का छात्र हूं और इतिहास का छात्र अपने हिसाब से चलता है. उन्होंने ये भी कहा था कि शिवलिंग की जो बात की जा रही है, वह तोड़ा हुआ नहीं, काटा हुआ लग रहा है. प्रोफेसर रतन लाल की ये सफाई भी काम न आई और सुप्रीम कोर्ट के वकील विनीत जिंदल ने धार्मिक भावनाएं आहत करने का मामला दर्ज कराया था.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story