
x
जांच में जुटी पुलिस
Delhi दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नेहरू विहार इलाके में सोमवार शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना शाम करीब 6:10 बजे मिली, जिसके बाद मौके पर टीम रवाना की गई। मृतक की पहचान हाजी यूनुस के पुत्र राशिद के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे तुरंत गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके को घेर लिया गया। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जरूरी नमूने एकत्र किए। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश या व्यक्तिगत विवाद से जुड़ा हो सकता है, हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि अभी तक हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है और मामले की जांच कई एंगल से की जा रही है। पुलिस ने मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
Next Story





