भारत

गुजरात विधानसभा चुनाव 2022: आम आदमी पार्टी ने 10 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया, जारी की पहली लिस्ट

Rounak Dey
2 Aug 2022 11:03 PM IST
गुजरात विधानसभा चुनाव 2022: आम आदमी पार्टी ने 10 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया, जारी की पहली लिस्ट
x
पढ़े पूरी खबर

गुजरात में विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपने 10 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है. प्रदेश में चुनाव के लिए अभी 4-5 महीने का समय है, लेकिन AAP ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है.

गुजरात के जिन विधानसभा क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है, वो बीजेपी को नुकसान पहुंचाएंगे या नहीं, ये कहना तो मुश्किल है, लेकिन ये जरूर है कि कांग्रेस का ग्रामीण इलाकों में नुकसान जरूर करेंगे. वहीं आम आदमी पार्टी के गुजरात अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने कहा कि वो खुद और पत्रकार से नेता बने इसुदान गढ़वी दोनों लोग चुनाव लड़ेंगे.
आम आदमी पार्टी ने उत्तर गुजरात के किसान नेता भीमाभाई चौधरी को दियोदर सीट, सामाजिक कार्यकर्ता जगमाल वाला को सोमनाथ सीट, आदिवासी समुदाय के नेता अर्जुन राठवा को छोटा उदयपुर, किसान नेता सागर रबारी को बेचराजी सीट, दलित नेता वसराम सागठिया को राजकोट ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता राम धडुक को सूरत की कामरेज सीट, व्यापारी नेता शिवलाल बारसिया को राजकोट दक्षिण सीट, सुधीर वाघाणी को गरियाधार सीट, राजेंद्र सोलंकी को बारडोली सीट और ओम प्रकाश तिवारी को अहमदाबाद की नरोडा सीट से प्रत्याशी बनाया है.
गुजरात के पार्टी अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने कहा कि हमने साथ मिलकर ये पहली लिस्ट बनाई है. घोषित उम्मीदवारों में ग्रामीण और शहरी समुदायों के लोगों को शामिल करने का ध्यान रखा गया है. आप पार्टी एक अनूठी और ट्रेंड सेट करने वाली पार्टी है. हमारी पार्टी ने चुनाव से काफी पहले उम्मीदवारों की सूची की घोषणा कर राजनीति में एक नई प्रथा लागू कर दी है. गोपाल ने कहा कि उम्मीदवारों के नाम का जल्द ऐलान करने के पीछे की वजह ये है कि वो अपने क्षेत्र के मतदाताओं के पास पहुंच सकें और उन्हें अपने और पार्टी के बारे में बता सकें. मतदाता और उम्मीदवार एक-दूसरे को जान सकें.
Next Story