
यूपी। जौनपुर-शाहगंज मार्ग पर मनेछा बादशाही के पास शुक्रवार रात करीब नौ बजे बाइक सवार बदमाश ने ओवरटेक कर कार सवार दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के समय कार में छह लोग सवार थे। पुलिस रंजिश समेत हर एंगल से जांच कर रही है। एसएसपी ने आरोपी को पकड़ने के लिए चार टीमों का गठन किया है।
जौनपुर के ही सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी 22 वर्षीय आजाद बिंद पुत्र रामलखन बिंद की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव में तय थी। शुक्रवार को आजाद का विवाह था। रात करीब साढ़े आठ बजे बरात बड़उर गांव से निकली। कार में दूल्हा और परिवार के बच्चे और दोस्त बैठे थे। बताया गया कि मनेछा गांव में बादशाही के पास दूल्हे की गाड़ी पहुंची ही थी कि एक नकाबपोश बाइक सवार युवक ने कार को ओवरटेक किया। कुछ दूर बाद वह कार के बाईं ओर आ गया और चलती गाड़ी पर ताबड़तोड़ तीन फायरिंग की। दो गोली आजाद को लगी, जिससे वह अचेत हो गया। गोली चलते ही हड़कंप मच गया। बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। दूल्हे को निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने दूल्हे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, आजाद महाराष्ट्र के पुणे में रहकर नौकरी करता था और शादी के लिए ही घर आया था।
खेतासराय में कार सवार दूल्हे की गोली मारकर हत्या करने के मामले में कई सनसनीखेज दावे सामने आ रहे हैं। दूल्हे के चचेरे भाई ने दावा किया कि जब से शादी तय हुई है तभी से एक युवक धमकी देता था कि तू बारात लेकर यहां मत आना, नहीं तो पक्का मार दूंगा। वहीं दूल्हे के पिता ने गांव के ही दो लोगों पर हत्या करने की आशंका जताई है। सरायख्वाजा क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी रामलखन बिंद के दो बेटा और एक बेटी में आजाद दूसरे नंबर पर था। शुक्रवार की रात बारात जा रही थी, तभी रास्ते में बाइक सवार बदमाश ने ओवरटेक कर दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद दूल्हे आजाद के चचेरे भाई रितेश ने दावा किया कि धमकी देने वाले ने लड़की से शादी करने की बात कभी नहीं की, सिर्फ इतना कहता था कि तू वहां शादी करने मत आना, यदि बारात लेकर आया तो मार दूंगा। वहीं दूल्हे के पिता रामलखन ने कहा कि गांव के ही दो लोगों ने मुझे तीन साल पहले इसी तरह गाड़ी किनारे लगाकर पीटा था। उन्हीं लोगों का इस हत्या में हाथ होने की आशंका है।





