Greater Noida: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक क्षेत्र में एस्कॉर्ट्स कुबोटा की हाईटेक यूनिट को मिली मंजूरी

ग्रेटर नोएडा: यमुना प्राधिकरण क्षेत्र अब आधुनिक कृषि और निर्माण क्षेत्र की बड़ी तकनीकी क्रांति का गवाह बनने जा रहा है। जापान और भारत की संयुक्त कंपनी एस्कॉर्ट्स कुबोटा यहां ट्रैक्टर, स्मार्ट कृषि उपकरण और निर्माण मशीनों का निर्माण संयंत्र स्थापित करने जा रही है। इसके लिए यीडा सेक्टर-10 में 200 एकड़ भूमि आवंटन पर सहमति बन चुकी है।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने जानकारी दी कि हाल ही में उन्होंने कंपनी के फरीदाबाद स्थित यूनिट का दौरा किया, जिसके बाद परियोजना को लेकर सहमति बनी। कंपनी को भूमि आवंटन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
यह हाईटेक प्लांट करीब 6000 करोड़ रुपये की लागत से दो चरणों में तैयार होगा। पहले चरण का निर्माण दो वर्षों के भीतर पूरा किए जाने की योजना है। कंपनी के प्रतिनिधियों ने ग्रेटर नोएडा पहुंचकर प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण कर भू-निरीक्षण व मृदा परीक्षण भी कर लिया है।
एस्कॉर्ट्स कुबोटा, जो वैश्विक फॉर्च्यून 500 कंपनियों में से एक है, इस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में न केवल कृषि उपकरण बल्कि कंस्ट्रक्शन से जुड़ी अत्याधुनिक मशीनों का उत्पादन भी करेगी।
इसके साथ ही कंपनी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू करेगी, जिससे क्षेत्र के किसानों को आधुनिक खेती के तरीकों में दक्ष बनाया जा सकेगा।
यह परियोजना ग्रेटर नोएडा को नवाचार और निर्माण क्षेत्र का केंद्र बनाएगी तथा बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा करेगी। यीडा क्षेत्र के विकास में यह निवेश मील का पत्थर साबित हो सकता है।
यह निवेश न केवल क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति देगा, बल्कि हजारों लोगों को रोजगार भी प्रदान करेगा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को उद्योगिकीकृत हब के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।





