भारत

Greater Noida: प्रशासन ने भू-माफियाओं से मुक्त कराई 2240 बीघा जमीन

Admindelhi1
20 Jun 2025 8:15 PM IST
Greater Noida: प्रशासन ने भू-माफियाओं से मुक्त कराई 2240 बीघा जमीन
x
"प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल और ग्रामीणों के सहयोग से पूरी भूमि पर से अतिक्रमण हटाया गया"

ग्रेटर नोएडा: जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के सख्त निर्देशों के अनुपालन में प्रशासनिक अमले ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए ग्राम मकनपुर खादर (परगना दनकौर, तहसील सदर) में वर्षों से भू-माफियाओं के अवैध कब्जे में पड़ी 2240 बीघा ग्रामसभा भूमि को कब्जामुक्त करा लिया। इस भूमि की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 400 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) भैरपाल सिंह के नेतृत्व में सर्वे लेखपाल बीरबहादुर और शरीकृष्ण द्वारा गाटा वाइज सर्वे किया गया। सर्वे के दौरान अवैध कब्जों की पुष्टि हुई, जिसके बाद मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल और ग्रामीणों के सहयोग से पूरी भूमि पर से अतिक्रमण हटाया गया।

कार्यवाही के बाद ग्रामसभा के स्वामित्व को दर्शाते हुए मौके पर बोर्ड लगाए गए और भू-माफियाओं को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में अतिक्रमण का प्रयास करने पर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

प्रशासन की इस बड़ी कार्यवाही से ग्रामीणों में हर्ष और संतोष का माहौल है। लंबे समय से यह भूमि भू-माफियाओं द्वारा खरीदी-बेची जा रही थी, जिससे ग्रामीणों में असंतोष था। अब भूमि की देखभाल एक संस्था के माध्यम से की जाएगी और उससे प्राप्त राजस्व को राजकोष में जमा कराया जाएगा।

इस मौके पर पूर्व प्रधान दीपक कुमार, सुक्की सिंह, डालचंद शर्मा, दानवीर नंबरदार, दयाचंद व दर्शन भाटी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने प्रशासन का आभार जताते हुए भरपूर सहयोग दिया।

Next Story