
x
85 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कटेया थाना क्षेत्र के बनरहां गांव में 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप महिला के ही 21 वर्षीय नाती साहेब हुसैन पर लगा है। आरोप है कि युवक ने देर रात सो रही अपनी नानी पर चाकू से दो दर्जन से अधिक वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मृतका की पहचान कोईलासी खातून (85) के रूप में हुई है। आरोपी साहेब हुसैन भोरे थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव निवासी अनवर मियां का बेटा है। जानकारी के अनुसार, साहेब बचपन से ही अपने मामा के घर बनरहां गांव में रहता था। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से वह अपने गांव में रह रहा था। इसी दौरान उसकी तबीयत खराब हो गई थी, जिसके बाद वह शुक्रवार को दोबारा अपने मामा के घर पहुंचा था।
रात 2 बजे सो रही नानी पर चाकू से हमला
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात खाना खाने के बाद साहेब हुसैन अपनी नानी और ममेरे भाई के साथ एक ही कमरे में सो रहा था। रात करीब दो बजे वह अचानक उठा और अपनी नानी पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि उसने बुजुर्ग महिला के सिर सहित शरीर पर लगातार वार किए। हमले में महिला को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय कमरे में मौजूद ममेरे भाई ने जब अपनी नानी पर हमला होते देखा तो वह घबरा गया। उसने शोर मचाते हुए कमरे से बाहर निकलकर लोगों को घटना की जानकारी दी। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बुजुर्ग महिला दम तोड़ चुकी थीं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मामा की बेटी से प्रेम प्रसंग बना विवाद की वजह?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक का अपनी मामा की बेटी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार के कुछ सदस्य इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे। मृतका कोईलासी खातून भी इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थीं। इसी पारिवारिक विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के वास्तविक कारण की अंतिम पुष्टि नहीं की है। प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
आरोपी गिरफ्तार, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
वारदात की सूचना मिलते ही कटेया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी साहेब हुसैन को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू समेत अन्य सामान बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक ने अपनी नानी की हत्या किन परिस्थितियों में और किस वजह से की।
Next Story





