भारत

पोती की शादी के दिन दादी को हार्ट अटैक, मौत से गम में बदली खुशियां

Nilmani Pal
15 Feb 2024 9:56 AM GMT
पोती की शादी के दिन दादी को हार्ट अटैक, मौत से गम में बदली खुशियां
x
गमगीन माहौल रहा

यूपी। अमरोहा स्थित शादी वाले घर में अचानक से चीख-पुकार मच गई। दुल्हन भी दहाड़े मारकर रोने लगी। घर वालों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। दरअसल पोती की शादी की खुशी में उसकी दादी घर में डांस कर रही थी। डांस करते-करते अचानक से बुजुर्ग दादी गश खाकर जमीन पर गिर गई। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि इन्हें हार्ट अटैक पड़ा है। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। दादी की मौत की खबर सुनते ही घर में सन्नाटा छा गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। दादी की मौत से दुखी दुल्हन भी दहाड़े मारकर रोने लगी। बाद में गमगीन माहौल में शादी की रस्मों को पूरा कराने वाले परिजन मृतका के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव लखमिया निवासी अनामिका पुत्री सतीश की शादी नौगावां तगा निवासी युवक संग तय हुई थी। बुधवार दोपहर बारात गांव आई थी। इसके पहले दुल्हन के परिवार में जश्न का माहौल था। परिजन डांस कर रहे थे। इसी दौरान डांस करते समय दुल्हन की 55 वर्षीय दादी तारा पत्नी प्रकाश अचानक ही गश खाकर जमीन पर गिर पड़ी। मौजूद परिजनों के बीच हड़कंप मच गया।

आनन फानन उन्हें गजरौला सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्साधीक्षक डा.योगेंद्र सिंह ने मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने मौत की वजह हार्ट अटैक बताई। गमजदा परिजन शव लेकर वापस गांव पहुंचे। गमगीन माहौल में शादी की बाकी रस्मों को पूरा कराते हुए बेटी की विदाई की गई। परिजन मृतका के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। वहीं क्षेत्र में जिस किसी को भी इस बाबत जानकारी हुई उसकी आंख नम हो गई। मामला क्षेत्र में चर्चा में रहा।

Next Story