भारत

एकता दिवस पर गुजरात में भव्य परेड....देखें VIDEO

SHIDDHANT
31 Oct 2026 6:44 PM IST
एकता दिवस पर गुजरात में भव्य परेड....देखें VIDEO
x
पीएम मोदी ने देखी एकता परेड
एकता नगर। गुजरात के एकता नगर में शनिवार, 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के मौके पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल हुए। इस दौरान देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने के लिए किया गया। समारोह में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF), विभिन्न राज्यों की पुलिस और केंद्रीय पुलिस संगठनों के जवानों ने एकता परेड में हिस्सा लिया। जवानों ने अपने अनुशासन, साहस, पेशेवर दक्षता और समर्पण का प्रदर्शन किया।

इस वर्ष की परेड में वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की उपलब्धियों और प्रभावित क्षेत्रों में शांति एवं विकास की दिशा में हुए बदलाव को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की ओर से नक्सल मुक्त भारत विषय पर विशेष नाट्य प्रस्तुति भी आयोजित की गई। इसमें 126 जिलों के करीब 2,000 कलाकारों ने हिस्सा लिया।
समारोह में देश की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करने के लिए करीब 5,000 कलाकारों ने लोक और शास्त्रीय नृत्य, संगीत तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से भारत की अलग-अलग परंपराओं और एकता की भावना को सामने रखा गया।
गौरतलब है कि सरदार वल्लभभाई पटेल स्वतंत्र भारत के पहले उपप्रधानमंत्री और गृह मंत्री थे। देश की सैकड़ों रियासतों के एकीकरण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। इसी योगदान के सम्मान में हर साल 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य देशवासियों में एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना है।
Next Story