भारत

सरकार ने ई-रिक्शा ऐप्स पर सख्ती बढ़ाई

Saba Naaz
3 July 2026 2:09 PM IST
सरकार ने ई-रिक्शा ऐप्स पर सख्ती बढ़ाई
x

Bharat: सरकार ने ई-रिक्शा और बैटरी से चलने वाले वाहनों की बैटरी को रिमोटली डिसेबल करने में गलत इस्तेमाल हो रहे कई मोबाइल एप्लिकेशन को हटाने का आदेश जारी किया है। इन ऐप्स में BAT-BMS, लॉसिगी और इपोक-आई-आयन जैसे एप शामिल हैं, जिनके जरिए देशभर में ई-रिक्शा के संचालन को प्रभावित करने की शिकायतें सामने आई थीं।

सूत्रों के अनुसार, इन ऐप्स का उपयोग कुछ लोगों द्वारा ई-रिक्शा को अचानक बंद करने या उनके संचालन में बाधा डालने के लिए किया जा रहा था, जिससे ड्राइवरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ रही थी। पिछले कुछ दिनों में ऐसी कई घटनाएं सामने आईं, जहां ई-रिक्शा अचानक बंद हो जाने की शिकायतें दर्ज की गईं।

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के सचिव एस. कृष्णन ने इस मामले पर कहा कि कुछ ऐप्स के गलत इस्तेमाल की जानकारी सामने आने के बाद उन्हें तुरंत ऐप स्टोर से हटाने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि ऐप स्टोर को ऐसे संभावित नुकसान पहुंचाने वाले ऐप्स को यूजर्स तक पहुंचने से रोकने के लिए और अधिक सावधानी बरतनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार इस मामले को लेकर ऐप स्टोर के साथ बातचीत करेगी ताकि भविष्य में ऐसे एप्लिकेशन को प्लेटफॉर्म पर आने से पहले ही रोका जा सके। यह कदम डिजिटल एप्लिकेशन के गलत इस्तेमाल और कनेक्टेड डिवाइस में दखल देने से जुड़ी बढ़ती चिंताओं के बीच उठाया गया है।

सरकारी अधिकारियों के अनुसार, कुछ ऐप्स का उपयोग ई-रिक्शा चालकों के काम में बाधा डालने, प्रैंक करने और सिस्टम को नियंत्रित करने के लिए किया जा रहा था, जिससे अचानक वाहन बंद हो जाते थे। इससे न केवल चालकों की रोज़मर्रा की आय प्रभावित हो रही थी, बल्कि सड़क पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी जोखिम पैदा हो रहा था।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी ऐप को, जो कनेक्टेड वाहनों के सिस्टम में अनधिकृत हस्तक्षेप करता है, बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह के मामलों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

Next Story