भारत

सरकारी टीचर करोड़ों रुपये लेकर फरार, पुलिस जांच में जुटी

Subhi
29 Sept 2026 7:11 AM IST
सरकारी टीचर करोड़ों रुपये लेकर फरार, पुलिस जांच में जुटी
x
करोड़ों रुपये लेकर फरार

तेलंगाना के सूर्यापेट जिले से एक सरकारी टीचर पर करोड़ों रुपये लेकर फरार होने का आरोप लगा है. आरोपी की पहचान बनोथ राजू के रूप में हुई है, जो चिव्वेमला मंडल के एनागंटी थांडा का रहने वाला बताया जा रहा है. राजू एक सरकारी स्कूल में पढ़ाने का काम करता है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह पिछले करीब एक दशक से चिट फंड और डेली कलेक्शन जैसे काम कर रहा था.

पीड़ितों के मुताबिक, राजू लोगों को बैंक के ब्याज से ज्यादा रिटर्न देने का भरोसा दिलाकर अपने साथ पैसे लगाने के लिए तैयार करता था. उसके संपर्क में किसान, शिक्षक, पुलिसकर्मी, मजदूर और दूसरे स्थानीय लोग भी थे. कई लोगों ने कथित तौर पर उसके जरिए चिट फंड में पैसा लगाया, जबकि कुछ लोगों ने निजी तौर पर रकम उधार भी दी. लंबे समय तक लेन-देन चलते रहने की वजह से लोगों का उस पर भरोसा बढ़ता गया.

बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले राजू ने अचानक अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और गायब हो गया. जब कुछ लोग उसके घर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला. पीड़ितों का कहना है कि राजू के परिवार के सदस्य भी करीब 10 दिनों से दिखाई नहीं दिए हैं. इसके बाद लोगों को अपने पैसे वापस मिलने को लेकर चिंता बढ़ गई और कई पीड़ित उसके घर के बाहर जमा हो गए.

Next Story