भारत

सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक की बम मारकर हत्या, शिक्षकों से हुई पूछताछ

jantaserishta.com
13 Feb 2025 12:48 PM IST
सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक की बम मारकर हत्या, शिक्षकों से हुई पूछताछ
x
वह सुबह करीब साढ़े आठ बजे स्कूल पहुंचे.
देवघर: झारखंड के देवघर जिला अंतर्गत मधुपुर थाना क्षेत्र में एक सरकारी मिडिल स्कूल के प्रधानाध्यापक संजय दास की अपराधियों ने गुरुवार को बम मारकर हत्या कर दी। संजय दास की उम्र 52 वर्ष थी और वह महुआडाबर गांव स्थित विद्यालय में पदस्थापित थे।
बताया गया कि वह सुबह करीब साढ़े आठ बजे स्कूल पहुंचे। बायोमेट्रिक अटेंडेंस दर्ज करने के करीब आधे घंटे बाद वह स्कूल से निकलकर अपनी स्कूटी से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पिपरासोल नामक जगह पर उन पर बमों से हमला किया गया। जोरदार विस्फोट से इलाके में भगदड़ मच गई। संजय दास बुरी तरह जख्मी होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
लोगों का कहना है कि उन पर हमला करने वाले अपराधी बाइक पर सवार होकर आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे आराम से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मधुपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। उनका शव उठाकर स्थानीय हॉस्पिटल लाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। संजय दास के परिजन भी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
माना जा रहा है कि अपराधियों को इस बात की जानकारी थी कि संजय दास स्कूल से निकलकर कहीं जाने वाले हैं। वे रास्ते में घात लगाकर उनका इंतजार कर रहे थे। करीब पहुंचते ही उन पर बम फेंके गए। पुलिस यह पता लगा रही है कि उनकी किसी से रंजिश तो नहीं थी। इस संबंध में स्कूल के अन्य शिक्षकों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस संजय दास का कॉल डिटेल्स भी निकाल रही है, ताकि यह पता चल सके कि उन्हें किसी ने कॉल कर ड्यूटी के घंटों में कहीं बुलाया तो नहीं था। पुलिस अफसरों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों का पता लगा लिया जाएगा। उनकी तलाश में आसपास के इलाके में छापेमारी की जा रही है। जिले के सभी थानों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story