भारत

सरकारी चावल में करोड़ों का घोटाला, 31 ट्रक चावल गायब, 4.42 करोड़ के घोटाले में चार पर FIR

SHIDDHANT
27 Nov 2026 10:32 PM IST
सरकारी चावल में करोड़ों का घोटाला, 31 ट्रक चावल गायब, 4.42 करोड़ के घोटाले में चार पर FIR
x
परिवहन फर्म प्रतिबंधित
कटनी। मध्य प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीबों को वितरित किए जाने वाले सरकारी खाद्यान्न की हेराफेरी का बड़ा मामला सामने आया है। कटनी से इंदौर, हरदा और नीमच जिलों के लिए भेजे गए 32 ट्रकों में से 31 ट्रकों का फोर्टिफाइड चावल निर्धारित गोदामों तक नहीं पहुंचा। भेजे गए खाद्यान्न की कुल कीमत 4 करोड़ 42 लाख 71 हजार 718 रुपये आंकी गई है। मामले में पुलिस ने परिवहन फर्म भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के चार साझेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला वित्तीय वर्ष 2025-26 का है। मध्य प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के कटनी केंद्र से तीन जिलों के सार्वजनिक वितरण प्रणाली के गोदामों के लिए 32 ट्रकों में चावल रवाना किया गया था। इनमें कुल 21 हजार 765 बोरियों में 10 हजार 797 क्विंटल से अधिक फोर्टिफाइड चावल लोड किया गया था। जांच में सामने आया कि हरदा के लिए भेजे गए 14, नीमच के 10 और इंदौर के सात ट्रकों का खाद्यान्न निर्धारित गोदामों तक नहीं पहुंचा। जब परिवहन फर्म से इस संबंध में जवाब मांगा गया तो उसके साझेदारों ने चावल की डिलीवरी होने का दावा करते हुए रसीदें प्रस्तुत कीं।
रसीदों की जांच करने पर कथित फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। जांच में पाया गया कि गोदाम प्रभारियों के हस्ताक्षर और मुहर कंप्यूटर के माध्यम से रसीदों पर चिपकाई गई थीं। संबंधित गोदामों के आवक रजिस्टर और ऑनलाइन पोर्टल पर भी चावल पहुंचने का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर हुई जांच और नागरिक आपूर्ति निगम के प्रभारी जिला प्रबंधक रविकांत ठाकुर की शिकायत के आधार पर रंगनाथ नगर थाना पुलिस ने दीपक जैन, किशन केशरवानी, शांति मिश्रा और मनोज कुमार तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। निगम ने संबंधित परिवहन फर्म को कटनी जिले में परिवहन कार्य करने से भी प्रतिबंधित कर दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की जांच टीम गठित कर सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस और विभागीय जांच में अब गायब खाद्यान्न का पता लगाने के साथ फर्जी रसीदें तैयार करने वालों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की संभावित संलिप्तता की भी जांच हो रही है। इस मामले ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Next Story