भारत

सरकार ने हॉकी खिलाड़ी को बनाया डीएसपी, एक करोड़ की सम्मान राशि भी देने की घोषणा की

Admin2
12 Aug 2021 8:40 AM GMT
सरकार ने हॉकी खिलाड़ी को बनाया डीएसपी, एक करोड़ की सम्मान राशि भी देने की घोषणा की
x

टोक्यो ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी विवेक सागर का गुरुवार को भोपाल के मिंटो हाॅल में सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चाैहान ने विवेक को एक करोड़ रुपए का चेक दिया। मंच से ही सीएम ने कहा कि विवेक सागर आज से डीएसपी हैं। कार्यक्रम में विवेक ने कहा-मैं अपने माता-पिता के लिए पक्की छत का इंतजाम करना चाहता हूं। मप्र की हॉकी अकादमी विश्व की सबसे अच्छी अकादमी है। मैं 2003 में यहां छोटे से गांव से आया था। आप लोग भी आगे जा सकते हैं। मेहनत के अलावा अनुशासन भी जरूरी है।

कार्यक्रम ने शिवराज सिंह चौहान ने कहा, मैं माता-पिता से कहना चाहता हूं कि बच्चों में टैलेंट है तो मत रोकना। पढ़ने के साथ खेलने दें। विवेक 8-9 साल से हॉकी खेल रहा है। विवेक ने प्रदेश को गौरवान्वित किया है। राज्य सरकार मकान बनाकर देगी। उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर न आए। यशोधरा जी आप टैलेंट सर्च शुरू कर दीजिए। कार्यक्रम में खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा- 2005 में जब मुझे खेल विभाग मिला था, तब मुख्यमंत्री ने कहा था कि मुझे ओलंपिक में गोल्ड चाहिए। इसके लिए उन्होंने बजट भी बढ़ा दिया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री बिसाहूलाल साहू, उषा ठाकुर, मोहन ठाकुर आदि जनप्रतिनिधि उपस्थित हैं।

CM शिवराज सिंह चौहान ने अपने निवास पर हॉकी खिलाड़ी विवेक का स्वागत किया। शाल ओढ़ाने के बाद विवेक को उनका चित्र भी भेंट किया। इसके बाद सीएम चौहान विवेक के साथ स्मार्ट रोड पहुंचे। जहां पर उन्होंने पौधारोपण किया। सीएम ने विवेक से कहा कि आपको अभी और भी रिकॉर्ड तोड़ने हैं।

Next Story