भारत

हिमाचली संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सरकार कर रही नवीन प्रयास: सुक्खू

18 Dec 2023 6:45 AM GMT
हिमाचली संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सरकार कर रही नवीन प्रयास: सुक्खू
x

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को नई दिल्ली में हिमक्राफ्ट, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम तथा कला, भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा दिल्ली हाट में 17 से 30 दिसम्बर तक आयोजित किए जा रहे ‘हिम महोत्सव’ का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय …

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को नई दिल्ली में हिमक्राफ्ट, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम तथा कला, भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा दिल्ली हाट में 17 से 30 दिसम्बर तक आयोजित किए जा रहे ‘हिम महोत्सव’ का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर पहाड़ी संस्कृति एवं इसकी विशिष्टता को बढ़ावा देने के लिए नवीन पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचली टोपियों में नए डिजाइन बनाने के प्रयास किए गए और हाल की उनकी दुबई यात्रा के दौरान इनका प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार हिमाचली टोपियों के निर्यात के लिए प्रयास कर रही है, जिसे दुबई में भी निवेशकों द्वारा सराहा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिम महोत्सव में प्रदेश के कारीगरों व बुनकरों को अपने उत्पाद बेचने का एक प्रभावी मंच उपलब्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी में बड़े ऑर्डर प्राप्त करने में मदद मिलेगी, जिससे कारीगरों की व्यावसायिक गतिविधियों को विस्तार मिलने के साथ-साथ उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि हिम महोत्सव में लगाए गए 60 स्टाल और हिमाचली लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र होंगे। सुक्खू ने कहा कि उन्होंने राज्य में विशेषकर साल के आखिरी सप्ताह अंत में सर्दियों का आनंद लेने के लिए पर्यटकों का स्वागत किया और कहा कि विंटर कार्निवाल उनके लिए एक अतिरिक्त आकर्षण होगा। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने हिमक्राफ्ट की गतिविधियों और सरकार द्वारा कारीगरों और बुनकरों को दी जा रही सहायता के बारे में विस्तृत जानकारी दी। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने अपने स्वागत सम्बोधन में आयोजन के लक्ष्यों और उद्देश्यों के बारे में अवगत करवाया।

हिमाचल प्रदेश राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक जतिन लाल ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, विधायक चैतन्य शर्मा, प्रधान सचिव उद्योग आरडी नजीम, आवासीय आयुक्त मीरा मोहंती, हिमाचल प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी व ओएसडी केएस बांश्टू सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने दिल्ली में पार्टी हाईकमान से भी मुलाकात की। इस दौरान नए बनाए गए मंत्रियों के पोर्टफोलियो और कुछ मंत्रियों के पोर्टफोलियो में फेरबदल पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही कुछ अन्य नियुक्तियों पर भी चर्चा होने की सूचना है। माना जा रहा कि शीतकालीन सत्र से पहले विधानसभा उपाध्यक्ष सहित कुछ अन्य नियुक्तियां सोमवार को की जा सकती हैं।

    Next Story