भारत
पांच राजमार्गों के हिस्से एनएचएआई और बीआरओ को सौंपने के बाद सरकार ने किया पुनर्गठन
Shantanu Roy
28 Oct 2026 11:40 PM IST

x
शिमला। हिमाचल सरकार ने लोक निर्माण विभाग के एनएच विंग के तहत एक सर्किल और दो मंडलों समेत कुल 303 पदों को समाप्त कर दिया है। साथ ही एनएच विंग का पुनर्गठन भी कर दिया है। सरकार ने एनएच सर्किल शाहपुर के अलावा एनएच मंडल चंबा और सोलन को समाप्त कर दिया है। इसके अलावा शाहपुर, बनीखेत, चंबा, रामपुर, ज्यूरी, निंगुलसरी, धौलाकुआं, ढली, नारकंडा सहित एनएच के दस उपमंडलों और 34 सेक्शनों को भी समाप्त किया जाएगा। सरकार ने यह फैसला वर्ष 2026 में केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से पांच राष्ट्रीय राजमार्गों के कुछ हिस्से एनएचएआई और सीमा सडक़ संगठन (बीआरओ) को सौंपे जाने के बाद लिया है।
सरकार ने पुनर्गठन के बाद लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग सर्किल शिमला के तहत शिमला, रामपुर, नाहन, हमीरपुर और देहरा मंडल होंगे। सरकार ने इन मंडलों के अधीन आने वाले उपमंडलों और सेक्शनों का भी नए सिरे से निर्धारण किया है। शिमला मंडल में नालागढ़, शालाघाट और खड़ापत्थर उपमंडल शामिल किया है। वहीं, ठियोग मंडल को समाप्त कर उसके क्षेत्र को शिमला मंडल में शामिल किया गया है। रामपुर मंडल के तहत आनी और बंजार उपमंडल होंगे। इनके अधीन लूहरी, आनी, खानाग, बंजार और लारजी सेक्शन शामिल किए गए हैं। नाहन मंडल के तहत सराहां और कफोटा उपमंडल होंगे। इनके अधीन सराहां, नाहन, सतौन, कफोटा, शिलाई और गुम्मा सेक्शन रखे गए हैं। हमीरपुर मंडल में समीरपुर, देहरा, अंब और ऊना उपमंडल बनाए गए है।
Next Story





