
x
Delhi दिल्ली: प्रधानमंत्री की हालिया अपील के बाद देश के बुलियन और ज्वेलरी बाजार में चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री ने नागरिकों से सोना-चांदी खरीदने से बचने, विदेश यात्रा को टालने और डेस्टिनेशन वेडिंग जैसे खर्चों को फिलहाल रोकने की अपील की है। प्रधानमंत्री की इस अपील को लेकर व्यापार जगत में इसके संभावित आर्थिक प्रभावों पर मंथन शुरू हो गया है।
सोना खरीदने पर प्रधानमंत्री की अपील
सूरत में इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के स्टेट प्रेसिडेंट नाइनेश पछीगर ने प्रधानमंत्री की अपील को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जब देश को संबोधित करते हुए दोबारा सोना खरीदने से बचने, डेस्टिनेशन वेडिंग टालने और विदेश यात्रा से परहेज करने की बात कही, तो इसके पीछे की मंशा स्पष्ट थी। उनके मुताबिक, इन खर्चों को नियंत्रित करने से देश के विदेशी मुद्रा भंडार और डॉलर की मांग पर असर पड़ सकता है। खासतौर पर सोने की खरीद में बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा का इस्तेमाल होता है।
हर साल 700 से 900 टन सोने की खरीद
नाइनेश पछीगर ने बताया कि भारत में हर साल करीब 700 से 900 टन सोना खरीदा जाता है। इस सोने के आयात के लिए बड़ी मात्रा में अमेरिकी डॉलर में भुगतान करना पड़ता है। ऐसे में सोने की मांग में कमी आने पर डॉलर की मांग को कम करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील को केवल सोने और ज्वेलरी कारोबार के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। इसका व्यापक उद्देश्य देश के विदेशी मुद्रा खर्च को नियंत्रित करना और आर्थिक परिस्थितियों के बीच गैर-जरूरी खर्चों को कम करना हो सकता है।
विदेश यात्रा और डेस्टिनेशन वेडिंग पर भी जोर
प्रधानमंत्री ने नागरिकों से विदेश यात्रा को टालने और डेस्टिनेशन वेडिंग जैसे आयोजनों को फिलहाल स्थगित करने की अपील भी की है। विदेश यात्रा में भारतीय नागरिकों की बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है। इसी तरह विदेशों में होने वाली शादियों में भी देश से बाहर पैसा खर्च होता है। बुलियन बाजार से जुड़े कारोबारियों का मानना है कि अगर लोग ऐसी अपील पर अमल करते हैं तो विदेशी मुद्रा की बचत हो सकती है। हालांकि, इसका असर सोने की मांग, ज्वेलरी कारोबार और संबंधित उद्योगों पर कितना पड़ेगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा। फिलहाल प्रधानमंत्री की अपील के बाद बुलियन मार्केट में इसके संभावित असर को लेकर चर्चा जारी है। कारोबारियों की नजर आने वाले दिनों में सोने की मांग और बाजार के रुख पर बनी हुई है।
Next Story





