Top News

अर्धनग्न हालत में मिली बच्ची की लाश, हैवान फरार

Nil dhankar
9 Dec 2023 7:54 AM IST
अर्धनग्न हालत में मिली बच्ची की लाश, हैवान फरार
x

यूपी। कुशीनगर के तरयासुजान थाना क्षेत्र के एक गांव के पास शुक्रवार को 12 वर्षीय बच्ची की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में गन्ने के खेत में मिली। अर्धनग्न हालत में मिली बच्ची के शरीर पर दांत से काटने के निशान थे। परिजनों ने रेप के बाद गला दबाकर हत्या की आशंका जताई है। उनकी तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात पर केस किया है।

मृत बच्ची के पिता का कहना है कि शुक्रवार सुबह उसे भोजन परोसने के उपरांत उसकी बेटी शौच के लिए घर से बाहर गई थी। भोजन करने के बाद वह बढ़ईगीरी का काम करने बाजार चला गया। आधा घंटे बाद घर से फोन आया कि बेटी कहीं दिख नहीं रही है। पड़ोस में फोन करने पर भी पता नहीं चल सका। थोड़ी देर बाद पत्नी ने 10 वर्षीय बेटे को ढूंढने के लिए भेजा।

वह घर से महज सौ मीटर अपने गन्ने के खेत में पहुंचा तो देखा कि उसकी बहन की लाश अर्धनग्न परिस्थितियों में पड़ी हुई थी। मौके पर खून के धब्बे भी थे। उसने शोर मचाया तो थोड़ी देर में आसपास के लोग पहुंच गए। बच्ची के हाथ पर दो जगह दांत से काटे जाने के निशान थे। पुलिस बच्ची को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंची, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। एसपी धवल जायसवाल ने कहा कि बच्ची के शव का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी हुई। दोषी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Next Story