भारत

प्रेमिका को दोस्तों के हवाले कर दिया, गैंगरेप की वारदात

Nil dhankar
20 July 2026 6:31 AM IST
प्रेमिका को दोस्तों के हवाले कर दिया, गैंगरेप की वारदात
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। आगरा में युवती से दरिंदगी का मामला सामने आया है। युवती ने जिस दोस्त पर भरोसा किया उसी दोस्त ने उसकी आबरू तार-तार कर दी। खेत में बुलाकर युवती से दरिंदगी की। आरोपी युवक ने दोस्तों को बुलाकर उसका गैंगरेप करवाया। एक महीने पहले हुई इस घटना का खुलासा तब हुआ जब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। गैंगरेप के समय युवकों ने उसका चुपके से वीडियो बना लिया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया है। तीन युवकों के नाम और प्रकाश में आए हैं। उनकी तलाश की जा रही है। घटना से इलाके में जातीय तनाव है।

डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि युवती को गांव के छोटा नाम के युवक ने 17 जून 2026 मिलने के लिए खेत में बुलाया था। दोनों के बीच दोस्ती थी। छोटा ने युवती के साथ दुराचार किया। आरोप है कि इस दौरान आकाश नाम के युवक ने उसके हाथ पकड़े। विशाल नाम के युवक ने वीडियो बनाया। इस घटना में दो अन्य युवकों के नाम युवती ने बताए हैं। पुलिस ने विशाल और छोटा को पकड़ लिया है। रविवार को पुलिस ने वीडियो के आधार पर खुद ही युवती की पहचान की। उसे थाने बुलाया। तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया है। सोशल मीडिया पर एक मिनट 52 सेकेंड का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें घटना स्थल पर मौजूद एक युवक के सामने युवती फूट-फूटकर रो रही है। वीडियो के आखिर में दो युवक दिखाई देते हैं। बाद में एक युवक बाइक पर आता है। तीनों घटना में मौजूदगी स्वीकार कर रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में अभी छोटा और विशाल को पकड़ा है।

वीडियो में युवती अपने परिचित युवक से रोते हुए बोल रही है कि मैं तुम पर कबू भरोसा नहीं करेंगो, तुम मोए छुड़वा दो, मैं तुम्हारे पर भरोसा करो पर तुमने मैं संग इतना बुरो काए करो। वीडियो से इतना साफ हो रहा है कि वह अपने उस दोस्त के आगे गिड़गिड़ा रही है जिसने उसे बुलाया था। दोस्त की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। उसने जानकार उसे बाजरे के खेत में बुलाया था। गांव में चर्चा है कि आरोपियों ने युवती को बाजरे के खेत में बंधक बना लिया था। वे उसे वहां से बाहर नहीं निकलने दे रहे थे। युवती अपने दगाबाज दोस्त से छुड़ाने की बिनती कर रही थी। बुरी तरह रो रही थी। कांप रही थी। गिड़गिड़ाने पर उसके कपड़े उसे दिए गए थे।

आरोपियों को सपने में उम्मीद नहीं थी कि वीडियो वायरल करना उनके गले की फांस बन जाएगा। उन्होंने वीडियो युवती को लंबे समय तक ब्लैकमेल करने के लिए बनाया था। दोस्तों को दिखाया। किसी दोस्त ने उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद युवती के परिजनों को घटना की जानकारी हुई। वीडियो में युवती का चेहरा शुरू में छिपाने का प्रयास किया गया, लेकिन बाद में उसका चेहरा तक दिखा दिया गया।

डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखा गया है। पुलिस ने दो आरोपित पकड़े हैं। युवती के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। वीडियो किसने वायरल किए, यह भी पता किया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Next Story