
यूपी। राजधानी लखनऊ में युवती की हत्या से सनसनी फैल गई। सगाई के तीन दिन बाद ईंट और भारी वस्तु से ताबड़तोड़ प्रहार कर 22 वर्षीय शिवानी सिंह को मौत के घाट उतार दिया गया। वारदात को अंजाम देकर बदमाशों ने उसका शव सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में उतरेटिया रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में फेंका। वह रविवार सुबह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी। देर रात तक घरवालों ने काफी खोजबीन की कुछ पता न चलने पर सोमवार दोपहर पीजीआई थाने गुशुदगी दर्ज कराने पहुंचे तो उन्हें शव मिलने की जानकारी हुई।
पुलिस अधिकारियों ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन किए। जघन्य हत्याकांड के राजफाश के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित आनंद ने पुलिस की चार टीमें गठित की हैं। उतरेटिया रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में सोमवार सुबह 22 वर्षीय युवती का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। घटना की जानकारी सुशांत गोल्फ सिटी थाने के इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय, एसीपी ऋषभ यादव, डीसीपी अमित आनंद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और शिनाख्त के प्रयास में लगी।
डीसीपी के मुताबिक दोपहर पीजीआई थानाक्षेत्र से एक युवती के लापता होने की सूचना मिली। युवती दरअसल रविवार सुबह से लापता थी। उसके परिवारीजन थाने गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे थे। इंस्पेक्टर ने उन्हें शव मिलने की जानकारी दी। उन्होंने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे रक्षाखंड एल्डिको उद्यान दो निवासी गीता सिंह पत्नी दीपू सिंह ने शव की पहचान बेटी शिवानी के रूप में की। उन्होंने बताया कि बेटी एक रीयल एस्टेट कंपनी में नौकरी करती थी। रविवार को वह काम पर जाने की बात कहकर सुबह निकली थी। उसके बाद नहीं लौटी।
काफी तलाश की गई पर कुछ पता नहीं चला। घरवाले रिश्तेदारों के यहां और परिचितों के यहां बेटी की खोजबीन कर रहे थे। कुछ पता न चलने पर सोमवार दोपहर गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए पीजीआई थाने पहुंचे। वहां से पता चला कि किसी युवती का शव उतरेटिया रेलवे लाइन के पास मिला है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त की। इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि छात्रा के घरवालों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। घटनास्थल को जाने वाले मार्ग पर लगे सीसी कैमरों की पड़ताल की जा रही है। साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। घरवालों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।





