भारत

लड़की मिली, 9 साल पहले हुई थी लापता, जानिए क्या थी पूरी कहानी

jantaserishta.com
7 Aug 2022 3:11 PM IST
लड़की मिली, 9 साल पहले हुई थी लापता, जानिए क्या थी पूरी कहानी
x

न्यूज़ क्रेडिट: आजतक

2013 में लड़की जब गायब हुई थी तब उसकी उम्र 7 साल थी.

नई दिल्ली: मुंबई पुलिस ने 9 साल पहले लापता हुई एक लड़की को खोजने में सफलता हासिल की है. 2013 में लड़की जब गायब हुई थी तब उसकी उम्र 7 साल थी. अब वो 16 साल की हो चुकी है. उसे एक दंपति ने अगवा कर लिया था, क्योंकि उनके कोई संतान नहीं थी. फिलहाल, आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

लड़की को खोजने में मुंबई पुलिस के रिटायर्ड असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र ढोंडू भोसले का अहम रोल है. जिस वक्त डीएन नगर थाने में 7 साल की पूजा गौड़ की मिसिंग रिपोर्ट लिखाई गई, उस समय भोसले ही इस केस के इंचार्ज थे. उन्होंने पूजा को खोजने में पूरा दम लगा दिया था. भोसले ने हर संभावित इलाके की खाक छान मारी, हर संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की. लेकिन पूजा नहीं मिली. यहां तक कि रिटायर होने के बाद 7 साल तक भी वे उसे खोजने की कोशिश करते रहे.
उन्होंने अपने करियर में 166 मिसिंग लड़कियों में से 165 का पता लगाया गया था, लेकिन 166 नंबर वाली लड़की (पूजा गौड़) का पता नहीं चल पा रहा था. आखिरकार बीते गुरुवार को वो दिन आ गया जब पूजा की तलाश पूरी हुई और उसे उसके परिजनों से मिला दिया गया.
सालों बाद परिवार से मिली पूजा की आंखों से झर-झर आंसू बहने लगे. उसकी मां ने भोसले को फोन पर बताया- 'मेरी पूजा मिल गई है..' और यही लाइन दोहराते हुए वो फूट-फूटकर रोने लगी. इधर भोसले भी भावुक हो गए. उनका केस नंबर- 166 सॉल्व हो गया था.
इस मामले में हैरी जोसेफ नाम के शख्स को गिरफ्तार किया गया है. इसमें उसकी पत्नी भी आरोपी है. दंपति ने कथित तौर पर पूजा का 2013 में अपहरण कर लिया था, क्योंकि उनकी अपनी कोई संतान नहीं थी. बाद में पूजा को अंधेरी (पश्चिम) की एक सोसाइटी में दाई के रूप में काम पर रखा गया था.
बात 1980 की है, भोसले येलो गेट पुलिस स्टेशन में एक कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे. तभी उन्हें अपनी बहन की मौत की खबर मिली. बहन की मौत दहेज के चलते हुए थी. इसी के बाद भोसले ने ठान लिया कि वो महिला अपराधों को रोकने की दिशा में काम करेंगे. उन्होंने कहा था- 'मैं ऐसे हर मामले में पीड़िता को अपनी बहन के रूप में देखता हूं.'
इसलिए जब जनवरी, 2013 में पूजा गौड़ लापता हुई तो भोसले उसकी तलाश में जी जान से लग गए. लेकिन रिटायरमेंट के बाद भी जब पूजा नहीं मिली तो वो अकेले ही उसकी तलाश में लगे रहे. उन्होंने अपने पास पूजा की एक तस्वीर रख ली. उसके परिवार के संपर्क में बने रहे. उन्हें पूजा के मिलने की सांत्वना देते रहे. आखिरकार 4 अगस्त, 2022 को पूजा मिल गई.


jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story