भारत
युवती ने जहर खाकर दी जान, कंपनी के एजेंट और कर्मियों की बदसलूकी बनी वजह
jantaserishta.com
2 Oct 2023 5:45 PM IST

x
परिजनों और गांव के लोगों का कहना है कि उससे गाली-गलौज और मारपीट भी की गई।
रांची: झारखंड के चतरा में एक माइक्रो क्रेडिट नॉन बैंकिंग कंपनी के कर्मियों और एजेंटों की कथित प्रताड़ना और दुर्व्यवहार से आहत होकर एक 17 वर्षीय युवती ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि लोन की बकाया किस्त जमा करने गई लड़की के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। उन्होंने पुलिस से इस मामले के दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस अफसरों का कहना है कि जांच के बाद इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के हारा नौकाडीह गांव की है। बताया गया कि गांव की महिला शांति देवी ने कैशपोर माइक्रो केडिट नॉन बैंकिंग कंपनी से कर्ज लिया था। इसकी किस्त हर सप्ताह चुकाई जाती थी। बीते शुक्रवार को किस्त जमा करने की तारीख थी, लेकिन किसी वजह से वह रकम जमा नहीं कर पाई। अगले दिन शांति देवी की 17 वर्षीया ननद खुशबू लोन की किस्त जमा करने कंपनी के कार्यालय गई तो वहां कंपनी के एजेंट सुनील पासवान और कर्मियों ने उसे बुरी तरह अपमानित किया।
परिजनों और गांव के लोगों का कहना है कि उससे गाली-गलौज और मारपीट भी की गई। इससे वह इस कदर आहत हुई कि उसने घर लौटकर जहर खा लिया। परिजन उसे सदर अस्पताल चतरा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हजारीबाग रेफर कर दिया। हजारीबाग जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। लड़की की मौत की खबर मिलते ही बैंकिंग कंपनी के आरोपी कर्मी और एजेंट फरार हो गए हैं। पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी लव कुमार ने कहा है कि युवती की आत्महत्या की वजहों की जांच की जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





