असहाय महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आवासीय पट्टा का तोहफा...सरकार का बड़ा फैसला

जनता से रिश्ता वेबडेस्क: लखनऊ: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च को 'मिशन शक्ति' के तहत प्रदेश के सभी जिलों में महिलाओं और बालिकाओं को कई सौगातें दी जाएंगी। सभी जिलों में पात्र गरीब और असहाय महिलाओं को आवासीय पट्टा दिए जिाएंगे। शासन ने जिलाधिकारियों को यह निर्देश देते हुए गरीब और असहाय महिलाओं को पट्टा दिये जाने की कार्यवाही पूरी करने का निर्देश दिया है।जिलाधिकारियों से कहा गया कि महिला हेल्प डेस्क पर इस वित्तीय वर्ष में स्वीकृत पट्टों के सापेक्ष आठ मार्च को महिला पट्टेदारों को अभिलेख बांटे जाएं। अपर मुख्य सचिव राजस्व रेणुका कुमार ने गुरुवार को इस बारे में सभी जिलाधिकारियों को शासनादेश जारी कर दिया है। तहसील स्तर पर विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली पांच महिलाओं को भी इस मौके पर सम्मानित किया जाएगा। जिलों में महिलाओं के द्वारा और बालिकाओं के नाम से पौधारोपण कराया जाएगा।