भारत
बुजुर्ग पर टूट पड़ा जर्मन शेफर्ड, नातिन के जन्मदिन पर होटल में अनहोनी
jantaserishta.com
5 Nov 2026 6:23 PM IST

x
शरीर पर 24 से ज्यादा घाव.
संभल: उत्तर प्रदेश के संभल में एक परिवार नातिन का जन्मदिन मनाने होटल पहुंचा था. वहां केक कटना था, परिवार के लोग साथ बैठकर खुशियां मनाने आए थे. लेकिन पार्टी के दौरान कुछ ऐसा हुआ कि जन्मदिन की खुशी अचानक चीख-पुकार में बदल गई. आरोप है कि होटल के जर्मन शेफर्ड कुत्ते ने परिवार के बुजुर्ग प्रमोद कुमार पर हमला कर दिया. कुत्ते ने उनके शरीर पर दो दर्जन से ज्यादा जगह काट लिया. उन्हें घायल हालत में अस्पताल ले जाना पड़ा.
घटना बहजोई थाना क्षेत्र के दिव्य लोक होटल की है. घायल प्रमोद कुमार ने होटल संचालक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर होटल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. प्रमोद कुमार बहजोई की देव विहार कॉलोनी के रहने वाले हैं. वह अपने परिवार के साथ नातिन की बर्थडे पार्टी में शामिल होने होटल पहुंचे थे.
प्रमोद के मुताबिक, होटल के मुख्य हॉल में काफी भीड़ थी. बैठने की जगह नहीं होने के कारण होटल मालिक और स्टाफ ने उन्हें दूसरे हॉल में बैठा दिया. इसी दौरान उन्हें खांसी होने लगी. वह दूसरे गेट से बाहर निकले, तभी वहां मौजूद जर्मन शेफर्ड ने उन पर हमला कर दिया. प्रमोद का आरोप है कि कुत्ते ने उनके शरीर पर दो दर्जन से ज्यादा जगह काटा. उन्होंने शोर मचाया तो होटल में मौजूद लोग दौड़कर पहुंचे और किसी तरह उन्हें कुत्ते से बचाया.
हमले के बाद परिवार के लोग प्रमोद कुमार को अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां उन्हें एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया और इलाज किया गया. प्रमोद का कहना है कि उस समय वहां परिवार की महिलाएं और छोटे बच्चे भी मौजूद थे. अगर कुत्ता उनमें से किसी पर हमला कर देता तो बड़ा हादसा हो सकता था. उन्होंने कहा कि आज यह घटना उनके साथ हुई है, कल किसी और के साथ भी ऐसा हो सकता है. इसी वजह से उन्होंने पुलिस में शिकायत दी.
बहजोई थाना प्रभारी राजीव मलिक ने बताया कि होटल में बर्थडे पार्टी के दौरान एक बुजुर्ग पर कुत्ते के हमले की शिकायत मिली थी. शिकायत के आधार पर दिव्य लोक होटल के खिलाफ BNS की धारा 291 में केस दर्ज किया गया है. मामले की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





